Hazaribagh: जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरही थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने बिहार के मुंगेर से हथियार लाकर हजारीबाग और आसपास के क्षेत्रों में बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. उसके पास से देसी रिवॉल्वर, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और अपाची बाइक बरामद हुई है.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक(SP) को सूचना मिली थी कि बरही थाना क्षेत्र का एक युवक अवैध हथियारों की डिलीवरी करने वाला है. इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही(SDPO) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया, टीम ने रसोईधमना गांव के पास घेराबंदी कर आरोपी मोहम्मद आमिर सोहेल उर्फ राजा को गिरफ्तार कर लिया.

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ बिहार के मुंगेर से कम कीमत पर हथियार खरीदकर हजारीबाग के विभिन्न इलाकों में ऊंचे दाम पर बेचता था. पुलिस को उसके कई सहयोगियों की जानकारी भी मिली है, जिनकी तलाश जारी है.
ALSO READ: पाकुड़: NI एक्ट मामलों एवं राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर हुई बैठक
क्या-क्या हुआ बरामद?
पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी रिवॉल्वर, दो जिंदा कारतूस, एक मिसफायर कारतूस, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और JH02AM-5798 नंबर की अपाची मोटरसाइकिल बरामद की है.
पुलिस ने की अपील
पुलिस ने कहा कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. साथ ही लोगों से अपील की गई है कि अवैध हथियारों से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें. सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.


