Balumath: बालूमाथ-बंसिया मार्ग स्थित रेलवे ओवरब्रिज के नीचे लंबे समय से जलजमाव की समस्या राहगीरों, स्थानीय ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है. बारिश होते ही ओवरब्रिज के नीचे सड़क पर पानी जमा हो जाता है, जिससे लोगों को गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है. सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को उठानी पड़ रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों द्वारा आवाज उठाई गई है और संबंधित अधिकारियों का ध्यान भी आकृष्ट कराया गया है, लेकिन इसके बावजूद अब तक जल निकासी की स्थायी व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. हैरानी की बात यह है कि इसी रास्ते से रोजाना प्रखंड के अधिकारी, अंचलाधिकारी (CO), प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), थाना प्रभारी सहित जनप्रतिनिधियों और विधायक का भी आवागमन होता है. इसके बावजूद रेलवे ओवरब्रिज के नीचे जमा पानी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.

यह भी पढ़ें: बिहार में छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ भी पत्र लिखें बाबूलाल: राकेश सिन्हा
‘सिर्फ आश्वासन नहीं, अब धरातल पर ठोस कार्रवाई चाहिए’
ग्रामीणों का कहना है कि यदि अधिकारी और जनप्रतिनिधि स्वयं इस रास्ते से गुजरते हैं और जलजमाव की स्थिति देखते हैं, तो आखिर इस समस्या के समाधान के लिए पहल क्यों नहीं की जा रही है? बरसात के दिनों में पानी जमा रहने से सड़क पर फिसलन बढ़ जाती है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि रेलवे ओवरब्रिज के नीचे जल निकासी की उचित एवं स्थायी व्यवस्था कराकर सड़क को जलजमाव से मुक्त कराया जाए, ताकि राहगीरों और स्कूली बच्चों को राहत मिल सके. ग्रामीणों का कहना है कि सिर्फ आश्वासन नहीं, अब धरातल पर कार्रवाई चाहिए. यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में यह समस्या और गंभीर हो सकती है.

