Ranchi: जिले के सोनाहातू थाना क्षेत्र से प्रेम संबंध, अंतरजातीय विवाह और कथित बेवफाई का एक मामला सामने आया है. आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने वर्षों तक प्रेम संबंध रखने के बाद युवती के साथ घर से भागकर मंदिर में शादी की. दोनों करीब तीन महीने तक पति-पत्नी की तरह साथ रहे, लेकिन बाद में युवक परिवार के दबाव का हवाला देते हुए युवती को छोड़कर फरार हो गया. अब पीड़िता न्याय की गुहार लगाते हुए थाना और युवक के घर के चक्कर काट रही है. जानकारी के अनुसार, सोनाहातू थाना क्षेत्र के मरांगकीरी गांव निवासी चांदमणि कुमारी का गांव के ही राकेश महतो के साथ पिछले पांच से छह वर्षों से प्रेम संबंध था. दोनों एक-दूसरे से विवाह करने का वादा कर चुके थे. इसी दौरान जब युवती के परिजनों को दोनों के संबंध की जानकारी मिली तो उन्होंने उसकी शादी किसी अन्य युवक से तय करने की तैयारी शुरू कर दी.
घर से भागे, मंदिर में की शादी, फिर परिवार के दबाव में छोड़ा साथ
बताया जाता है कि इसके बाद दोनों घर से फरार हो गए. कुछ दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर रहने के बाद युवक युवती को एक मंदिर ले गया, जहां दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया. विवाह के बाद दोनों लगभग तीन महीने तक साथ रहे. पीड़िता का आरोप है कि बाद में युवक के परिवार ने इस विवाह का विरोध किया. परिवार के दबाव में आकर युवक ने उसे अपने साथ रखने से इनकार कर दिया और उसे छोड़कर कहीं चला गया. तब से युवती लगातार अपने पति और उसके परिवार से न्याय की मांग कर रही है, लेकिन उसे अब तक कोई सहारा नहीं मिला है.

पीड़िता ने बताया कि वह न्याय की उम्मीद में कभी सोनाहातू थाना तो कभी युवक के घर का चक्कर लगा रही है. उसने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने तथा वैवाहिक अधिकार दिलाने की मांग की है. फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं. वहीं, पुलिस का कहना है कि यदि पीड़िता की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त होती है अथवा शिकायत दर्ज की गई है, तो उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ: रांची: ID विस्फोट मामले में आरोपी मेरिना की जमानत याचिका खारिज, नहीं मिली बेल


