Bokaro: कसमार प्रखंड के खैराचातर निवासी इंटर स्टेट आर्टस टॉपर छोटी कुमारी ने गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में डीसी अजय नाथ झा से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान उसने अपनी आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए सहयोग का अनुरोध किया. छोटी कुमारी की बात सुनने के बाद डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उसे कल्याण विभाग द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं से आच्छादित किया जाए. साथ ही उसकी उच्च शिक्षा के लिए स्पॉन्सरशिप की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आर्थिक कारणों से उसकी पढ़ाई प्रभावित नहीं हो.डीसी ने छोटी कुमारी को आश्वस्त करते हुए कहा कि उसकी आगे की पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी. जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा ताकि वह अपने सपनों को साकार कर सके.
मेहनत का कोई शॉर्टकट नहीं होता
छोटी कुमारी ने बताया कि उसका नामांकन रांची विमेंस कॉलेज में इतिहास (ऑनर्स) विषय में होने जा रहा है. उसने भविष्य में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में जाकर देश और समाज की सेवा करने की अपनी इच्छा भी व्यक्त की. उसकी इस आकांक्षा की सराहना करते हुए डीसी ने कहा कि मेहनत का कोई शॉर्टकट नहीं होता. सफलता मिलने पर उसे कभी सिर पर मत चढ़ने देना. पूरी लगन, अनुशासन और ईमानदारी के साथ पढ़ाई करो तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहो. उन्होंने मौके पर उपस्थित उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार एवं प्रशिक्षु आईएएस पदाधिकारी अरविंद राधाकृष्णन को भी निर्देश दिया कि आवश्यकता पड़ने पर छोटी कुमारी का मार्गदर्शन करें, ताकि वह अपने लक्ष्य की ओर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सके.

AlsoRead:शिव शक्ति मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा, चार दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम की हुई शुरुआत


