Hazaribagh: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर छड़वा नो एंट्री पोस्ट के पास एक विशेष वाहन जांच और सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया. इस सघन अभियान का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) ने किया, जबकि मौके पर यातायात थाना प्रभारी, तीन पुलिस पदाधिकारी और 10 गृहरक्षकों की टीम मुस्तैद रही. वाहन जांच के दौरान यातायात नियमों का खुलेआम उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की गई. कुल 243 वाहनों का विभिन्न नियमों के उल्लंघन में चालान काटा गया. इनमें बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाने पर 124, खतरनाक ढंग से बाइक पर ट्रिपल लोडिंग करने पर 36 और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले 4 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई.
यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील
इसके अलावा सड़क पर जलजमाव और जाम की स्थिति पैदा करने वाले और नो पार्किंग जोन में अवैध रूप से खड़े पाए गए 79 ऑटो, टोटो एवं अन्य वाहनों का भी चालान काटा गया. कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस टीम ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की. पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़कों पर अनुशासन कायम करने, सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए इस तरह का विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा.



