SIR-2026: गिरिडीह में मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की कवायद तेज, सभी बूथों पर BLO–BLA-2 की दूसरी बैठक आयोजित

Giridih: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत मंगलवार को गिरिडीह जिले के सभी...

SIR-2026

Giridih: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत मंगलवार को गिरिडीह जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ (Booth Level Officer) और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2 (Booth Level Agent-2) की दूसरी बैठक आयोजित की गई. इसके साथ ही चुनाव पाठशाला के दूसरे चरण का भी सफल आयोजन हुआ. अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन, त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाना है, ताकि आगामी चुनावों के लिए शुद्ध एवं विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार की जा सके.

निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिले के सभी वरीय पदाधिकारियों, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO) तथा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) ने अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का दौरा कर बैठक की गतिविधियों का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत सत्यापन, त्रुटिरहित संधारण और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया.

सत्यापन पर विशेष जोर

बैठक के दौरान ASDD (Absent, Shifted, Dead एवं Duplicate) श्रेणी के मतदाताओं के सत्यापन पर विशेष जोर दिया गया. इसके अलावा नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने तथा मतदाता सूची में सुधार से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई. अधिकारियों ने बीएलओ और बीएलए-2 के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल देते हुए कहा कि राजनीतिक दलों के सहयोग से मतदाता सूची को और अधिक सटीक एवं विश्वसनीय बनाया जा सकता है.

मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश

उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी अधिकारियों को नियमित रूप से मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि शुद्ध और विश्वसनीय मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है. इसलिए प्रत्येक प्रपत्र का सावधानीपूर्वक सत्यापन करते हुए भारत निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों और निर्धारित समय-सीमा का अक्षरशः पालन किया जाए. उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर आयोजित बैठकों में शामिल बीएलओ, बीएलए-2, जनप्रतिनिधियों और मतदाताओं से सुझाव एवं फीडबैक भी लिया जाए. इन सुझावों के आधार पर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को और अधिक प्रभावी, सहभागी तथा पारदर्शी बनाया जाएगा. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि SIR-2026 के तहत जिले के सभी प्रखंडों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कार्य पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ संचालित किए जा रहे हैं. प्रशासन का लक्ष्य मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन, त्रुटिरहित और विश्वसनीय बनाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक मजबूत करना है.

AlsoRead:रांची: 14वीं JPSC परीक्षा परिणाम को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, आयोग कार्यालय का किया घेराव

 

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *