Koderma : जिले में डेंगू और जापानी इंसेफेलाइटिस (डेंगू/JE) के संभावित प्रसार को रोकने और जन-स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला B.V.D. कार्यालय द्वारा (स्वास्थ्य विभाग) डेंगू सर्विलांस अभियान शुरू किया गया है. इस अभियान के तहत विशेष रूप से प्रशिक्षित चार वॉलंटियर्स की टीम का गठन किया गया है, जो घर-घर जाकर सर्वे करेगी. इस कार्य में संबंधित क्षेत्र की सहिया दीदी सक्रिय रूप से सहयोग करेंगी. संपूर्ण कार्य की निरंतर मॉनिटरिंग की जाएगी. कोडरमा के एमटीएस (MTS) सुनील कुमार पंडित द्वारा समय पर कार्य क्षेत्र का अवलोकन किया जाएगा और अभियान की प्रगति की विस्तृत रिपोर्ट प्रतिदिन जिला मुख्यालय एवं राज्य को प्रेषित की जाएगी. इस सर्विलांस कार्य का मुख्य उद्देश्य मच्छरों के प्रजनन स्थलों (जैसे- रुके हुए पानी के बर्तन, पुराने टायर, कूलर, और गमले) की पहचान करना और उन्हें समय रहते नष्ट करना है. टीम द्वारा क्षेत्र में लार्वा की जांच की जाएगी और नागरिकों को मच्छरों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा.
अभियान की मुख्य विशेषताएं
नियुक्त वॉलंटियर्स द्वारा घर-घर जाकर मच्छरों के प्रजनन स्थलों (जैसे कूलर, गमले, टायर आदि) की जांच की जाएगी. यदि कोई व्यक्ति डेंगू /JE के संदिग्ध लक्षणों (तेज बुखार, बदन दर्द आदि) से ग्रसित पाया जाता है, तो टीम द्वारा तत्काल उनके रक्त के नमूने (Blood Samples) लिए जाएंगे. अभियान के अंतर्गत आवश्यकता पड़ने पर ‘नेफसेक मशीन’ (Napsack Sprayer) के माध्यम से कीटनाशक का छिड़काव किया जाएगा. इसके अतिरिक्त, गंभीर स्थिति या अधिक मच्छरों वाले क्षेत्रों में नगर पंचायत/नगर निगम से समन्वय स्थापित कर फॉगिंग का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित कराया जाएगा. जन-सहयोग सुनिश्चित करने हेतु स्पष्ट किया जाता है कि सभी चारों वॉलंटियर्स के पास स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आधिकारिक परिचय पत्र (ID Card) होगा. नागरिकों से आग्रह है कि किसी भी व्यक्ति को घर में प्रवेश देने से पहले उनका परिचय पत्र अवश्य देख लें.
नामित वॉलंटियर्स
- टुनटुन कुमार दास
- विकास कुमार राणा
- सुनील कुमार
- एम.डी. शाकिर
आम नागरिकों से जिला B.V.D. पदाधिकारी डॉ मनोज कुमार की अपील
स्वास्थ्य विभाग कोडरमा जिले के सभी नागरिकों से इस अभियान में पूर्ण सहयोग की अपेक्षा करता है. अपने घरों के आसपास पानी जमा न होने दें और स्वच्छता बनाए रखें. यदि सर्वे टीम आपके द्वार पर आए, तो उन्हें अपना परिसर जांचने में सहयोग प्रदान करें. आपकी सतर्कता ही डेंगू के खिलाफ हमारी सबसे बड़ी जीत है.
Also Read : पलामू : कांग्रेसियों ने BDO को सौंपा ज्ञापन, बंद पड़े आधार केंद्र को चालू करने की मांग
