पलामू: अभद्र व्यवहार बर्दाश्त नहीं, जनप्रतिनिधियों ने दी चेतावनी

Palamu: मेदिनीनगर शहर के सब्जी मंडी और बस स्टैंड में महिलाओं तथा छोटे दुकानदारों के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला अब...

पलामू
जनप्रतिनिधियों ने दी चेतावनी

Palamu: मेदिनीनगर शहर के सब्जी मंडी और बस स्टैंड में महिलाओं तथा छोटे दुकानदारों के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. इस घटना को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों में भारी नाराजगी है. उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई करने और सार्वजनिक स्थलों पर सम्मानजनक माहौल सुनिश्चित करने की मांग की है.

वार्ड पार्षद नीरा देवी की दो टूक चेतावनी

वार्ड पार्षद नीरा देवी ने घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि गांवों से रोजी-रोटी कमाने आने वाली महिलाओं के सम्मान के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसी महिला या दुकानदार के साथ दोबारा दुर्व्यवहार हुआ, तो सभी वार्ड पार्षद एकजुट होकर सड़क पर उतरेंगे और धरना-प्रदर्शन करेंगे. उन्होंने कहा कि आम जनता के साथ सम्मानजनक व्यवहार करना संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी है.

‘कृष’ नामक युवक पर अभद्र व्यवहार का आरोप

वार्ड नंबर 24 के पार्षद रौशन कुमार नाग ने भी घटना की कड़ी निंदा की. उन्होंने बताया कि पिछले 10–15 दिनों से वे बस स्टैंड की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे, उनके अनुसार, ‘कृष’ नामक युवक पर्चियां जांचने के दौरान गरीब महिलाओं और छोटे दुकानदारों के साथ गाली-गलौज और अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहा था. जब उन्होंने इस व्यवहार का विरोध किया, तो युवक ने उनके साथ भी बदसलूकी की.

‘गरीब होना अपराध नहीं, हर व्यक्ति सम्मान का हकदार’

रौशन कुमार नाग ने कहा कि गरीब होना कोई अपराध नहीं है और हर नागरिक सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार रखता है. उन्होंने चिंता जताई कि यदि बस स्टैंड का माहौल इसी तरह बना रहा, तो छोटे व्यापारी यहां से पलायन करने को मजबूर हो जाएंगे. इससे न केवल उनकी आजीविका प्रभावित होगी, बल्कि शहर में फल-सब्जियों की आपूर्ति और आम लोगों की दैनिक जरूरतों पर भी असर पड़ेगा.

ALSO READ: हजारीबाग: चौपारण की जगन्नाथ रथयात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, तपती धूप पर भारी पड़ी श्रद्धालुओं की श्रद्धा

प्रशासन से सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल की मांग

मौके पर मौजूद अन्य पार्षदों ने भी इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और शहर के बस स्टैंड व सब्जी मंडी जैसे सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं, दुकानदारों और आम नागरिकों के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक माहौल सुनिश्चित करने की अपील की.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *