Chaibasa : प्रखंड की सीमीदीरी पंचायत अंतर्गत मध्य विद्यालय बनालता में भवन निर्माण विभाग चाईबासा की ओर से लगभग 56 लाख रुपये की लागत से बन रहे स्कूल भवन के निर्माण कार्य में अनियमितता का मामला सामने आया है. शिकायत मिलने पर सोमवार को झामुमो नेता रामलाल मुंडा और जदयू जिलाध्यक्ष विश्राम मुंडा निर्माण स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे.
निरीक्षण के दौरान नेताओं ने लगाया आरोप
निरीक्षण के दौरान नेताओं ने आरोप लगाया कि भवन निर्माण में बालू की जगह शत-प्रतिशत स्टोन डस्ट का उपयोग किया जा रहा है. साथ ही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे भवन की मजबूती प्रभावित हो सकती है. नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते निर्माण गुणवत्ता में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में भवन बच्चों के लिए खतरा बन सकता है. उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.
