Giridih : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झरियागादी में बिरयानी खाने के बाद एक ही परिवार के तीन सदस्य अचानक बीमार पड़ गए. पीड़ितों में दो वर्षीय मासूम भी शामिल है. सभी को लगातार उल्टियां और पेट दर्द की शिकायत होने पर गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां पीड़ितों का इलाज चल रहा है. अस्पताल सूत्रों के अनुसार तीनों की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है. पीड़ित मो. आजम ने बताया कि रविवार देर शाम दुकान बंद कर घर लौटते समय उन्होंने शहर के भंडारीडीह स्थित स्वर्ण सिनेमा के समीप झारखंड फास्ट फूड से बिरयानी खरीदा था. घर पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी पत्नी फातिमा खातून और दो वर्षीय बेटे मो. साहिल रजा के साथ बिरयानी खाई. कुछ ही देर बाद तीनों को तेज उल्टियां और पेट दर्द शुरू हो गया. हालत बिगड़ने पर परिवार के अन्य सदस्यों ने तुरंत उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया.
निष्पक्ष जांच की मांग की गयी
मो. आजम का आरोप है कि दुकान से मिली बिरयानी विषाक्त या खराब थी. उन्होंने बताया कि परिवार में कुल नौ सदस्य है, लेकिन बिरयानी केवल तीन लोगों ने ही खाई थी और सिर्फ उन्हीं की तबीयत खराब हुई. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
दुकान संचालक ने आरोपों को किया खारिज
वहीं, झारखंड फास्ट फूड के संचालक ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उनका कहना है कि उनका प्रतिष्ठान पूरी तरह विश्वसनीय है और खाद्य सुरक्षा के सभी मानकों का पालन करते हुए स्वच्छ वातावरण में भोजन तैयार किया जाता है. उन्होंने बताया कि उनके यहां प्रतिदिन लगभग 30 किलो चावल की बिरयानी तैयार होती है और संबंधित दिन भी इतनी ही बिरयानी बेची गई थी, लेकिन किसी अन्य ग्राहक ने किसी प्रकार की शिकायत नहीं की. उनके अनुसार लगाए गए सभी आरोप निराधार है. फिलहाल पीड़ित पक्ष के आरोप और प्रतिष्ठान संचालक की सफाई के बाद मामला जांच का विषय बन गया है.
ALSO READ : सोनम वांगचुक ने सफदरजंग अस्पताल प्रबंधन को लिखा पत्र, कहा – कुछ समय के लिये संसद मार्च में शामिल होने दें
