NewsWave Desk : त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक DGP अनुराग धनखड़ सोमवार को अगरतला स्थित राज्य पुलिस मुख्यालय में अपने कार्यालय के भीतर मृत पाए गए. इस अचानक हुई घटना से प्रशासनिक और पुलिस हलकों में गहरा हड़कंप मच गया है. 1994 बैच के भारतीय पुलिस सेवा IPS अधिकारी धनखड़ अपने कार्यकक्ष में अचेत अवस्था में पाए गए थे. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मुख्यालय में हड़कंप मच गया और उन्हें तुरंत पास के जीबी पंत अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. अनुराग धनखड़ मूल रूप से यूपी UP के बागपत जिले के रहने वाले थे.

प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का अंदेशा
अस्पताल और पुलिस सूत्रों से मिली प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि, पुलिस प्रशासन ने इस मामले की गहन जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल को सील कर दिया गया है और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है. पुलिस अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या मौके से कोई सुसाइड नोट मिला है या इस घटना के पीछे क्या संभावित कारण हो सकते हैं. अनुराग धनखड़ त्रिपुरा कैडर के एक वरिष्ठ और सम्मानित आईपीएस IPS अधिकारी थे. उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान राज्य में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस प्रशासन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. उनके अचानक इस तरह चले जाने से राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों और पुलिस बल में गहरा शोक है. राज्य सरकार और गृह विभाग के उच्च अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक वजहों का आधिकारिक खुलासा होगा.
ALSO READ : दुरंड कप 2026: दर्शकों के लिए एडवाइजरी जारी, बिना टिकट नहीं मिलेगा प्रवेश, कई सामानों पर पूरी तरह प्रतिबंध
