Ranchi: 135वें इंडियनऑयल डूरंड कप-2026 के सफल आयोजन को लेकर भारतीय सशस्त्र बल और झारखंड सरकार ने दर्शकों के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की है. आयोजन समिति ने स्टेडियम में प्रवेश, टिकट वितरण, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश जारी करते हुए कई वस्तुओं को पूरी तरह प्रतिबंधित किया है. दर्शकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय से पहले स्टेडियम पहुंचें और सुरक्षा नियमों का पालन करें.
22 जुलाई से शुरू होगा नि:शुल्क टिकट वितरण
आयोजन समिति के अनुसार 22 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक टिकटों का वितरण किया जाएगा. यह टिकट पूरी तरह नि:शुल्क होंगे. एक व्यक्ति को अधिकतम चार टिकट दिए जाएंगे.
इन काउंटरों से मिलेगा टिकट
टिकट वितरण के लिए गेट नंबर 11 और 13 के बीच 10 काउंटर तथा गेट नंबर 23 के पास दो अतिरिक्त काउंटर बनाए गए हैं. दर्शकों को मैच शुरू होने से तीन घंटे पहले स्टेडियम में प्रवेश की अनुमति मिलेगी.
करीब 29 हजार दर्शकों की बैठने की व्यवस्था
स्टेडियम में कुल 29,183 दर्शकों के बैठने की क्षमता निर्धारित की गई है. इसमें सामान्य दर्शकों के लिए 21,200 तथा VIP, VVIP और मीडिया के लिए 7,983 सीटें आरक्षित रहेंगी. स्टेडियम में कुल आठ स्टैंड (A से G) बनाए गए हैं और प्रत्येक स्टैंड के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास द्वार निर्धारित किए गए हैं.
Also Read: क्लस्टर सिस्टम के विरोध में DSPMU में छात्रों का जोरदार प्रदर्शन, पुलिस छावनी में तब्दील कैंपस
इन सामानों पर रहेगा पूरी तरह प्रतिबंध
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए स्टेडियम के भीतर कई वस्तुओं को ले जाने की अनुमति नहीं होगी. इनमें शामिल हैं.
- हथियार, चाकू और अन्य नुकीली वस्तुएं.
- पटाखे, विस्फोटक और ज्वलनशील पदार्थ.
- बड़े बैग, सूटकेस, लैपटॉप बैग और स्पोर्ट्स बैग.
- बाहर का भोजन और पानी की बोतलें.
- शराब, सिगरेट, ई-सिगरेट, वेप और अन्य नशीले पदार्थ.
- ड्रोन, प्रोफेशनल कैमरा, ट्राइपॉड, बड़े पावर बैंक और लैपटॉप.
- मोटरसाइकिल हेलमेट, सेल्फी स्टिक, लकड़ी की छड़ी और बड़े छाते.
- दूरबीन (बाइनॉक्युलर), पालतू जानवर, लेजर पॉइंटर.
- मेगाफोन, एयर हॉर्न तथा अन्य शोर करने वाले उपकरण.
- दो मीटर से बड़े झंडे, बैनर तथा राजनीतिक या आपत्तिजनक संदेश वाली सामग्री.
दर्शकों के लिए विशेष अपील
आयोजन समिति ने कहा है कि सभी दर्शक निर्धारित समय से कम-से-कम एक घंटे पहले स्टेडियम पहुंचें, ताकि सुरक्षा जांच आसानी से पूरी की जा सके. स्टेडियम प्रबंधन को किसी भी प्रतिबंधित वस्तु को जब्त करने और सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने वाले व्यक्ति को प्रवेश से वंचित करने का अधिकार होगा. दर्शकों से सहयोग की अपील की गई है, ताकि डूरंड कप का आयोजन सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके.
