Ranchi: राजधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स में मंगलवार को शासी परिषद (गवर्निंग बॉडी) की 65वीं बैठक होगी. इस बैठक में अस्पताल से जुड़े 26 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होगी. खास बात यह है कि इस बार कैंसर मरीजों के इलाज को बेहतर बनाने, मेडिकल शिक्षा का विस्तार करने और अस्पताल की सुविधाएं बढ़ाने पर जोर रहेगा. बैठक का सबसे अहम प्रस्ताव रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग के लिए करीब 5.89 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि से नई और आधुनिक रेडियोथेरेपी मशीन खरीदने का है. अगर इस पर मंजूरी मिलती है, तो रिम्स में कैंसर मरीजों का इलाज और बेहतर तरीके से हो सकेगा. साथ ही इलाज के लिए दूसरे राज्यों या बड़े शहरों में भेजे जाने वाले मरीजों की संख्या भी घट सकती है.
बैठक में इन प्रस्तावों पर होगी चर्चा
इसके अलावा केंद्र सरकार की योजना के तहत MBBS, PG और सुपर स्पेशियलिटी की सीटें बढ़ाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा होगी. हाल ही में रिम्स में MBBS की सीटें 180 से बढ़ाकर 250 की गई हैं. अब आगे मेडिकल शिक्षा के विस्तार पर भी फैसला लिया जा सकता है. बैठक में अस्पताल के लिए नए मेडिकल उपकरणों की खरीद, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, कर्मचारियों से जुड़े प्रस्ताव और अन्य प्रशासनिक मुद्दों पर भी निर्णय लिया जाएगा. वहीं, पिछली 64वीं बैठक में लिए गए कुछ अहम फैसलों पर अब तक अमल नहीं होने के कारण इस बार उन लंबित मामलों की भी समीक्षा होने की संभावना है.
