Giridih: उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में मेरा युवा भारत (माय भारत) अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला सलाहकार सह समन्वय समिति की बैठक हुई. बैठक में युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने, माय भारत पोर्टल पर व्यापक पंजीकरण कराने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विस्तार से चर्चा की गई. उपायुक्त ने कहा कि माय भारत युवाओं को कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता, स्वयंसेवी गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मंच है. उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि जिले में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाकर अधिकाधिक युवाओं का पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए. बैठक में विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में माय भारत नोडल अधिकारी एवं माय भारत कैंपस एम्बेसडर की शीघ्र नियुक्ति करने का निर्देश दिया गया. साथ ही नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम और पंजीकरण शिविर आयोजित करने पर भी जोर दिया गया.
यह भी पढ़ें: खूंटी में बड़ा हादसा: रथ खींच रहे स्कूली बच्चे 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आए, 2 की मौत, 6 गंभीर रूप से झुलसे

जागरूकता कार्यक्रम और पंजीकरण शिविर आयोजित करने पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि जिले के सभी उच्च विद्यालयों, कॉलेजों, विभिन्न विभागों तथा अन्य हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रत्येक माह ‘माय भारत’ से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि युवाओं को स्वयंसेवा, कौशल विकास और नेतृत्व निर्माण के अवसरों का लाभ मिल सके. उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करने का निर्देश देते हुए कहा कि माय भारत अभियान को जनभागीदारी आधारित पहल के रूप में संचालित किया जाए, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ा जा सके. बैठक में सिविल सर्जन सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला नियोजन पदाधिकारी, जिला कौशल विकास पदाधिकारी, डीआरडीए के परियोजना पदाधिकारी, रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव, विनोबा भावे विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि, विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट्स एवं गाइड के प्रतिनिधियों सहित समिति के सदस्य उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: पलामू: JPSC मामले पर भाजयुमो का बड़ा हमला, कहा- हेमंत सरकार युवाओं के भविष्य के साथ कर रही है खिलवाड़
