Hazaribagh: डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स 2026 के अंतर्गत क्लस्टर-IV की दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार को डीएवी पब्लिक स्कूल, बरही में उत्साह और उल्लास के बीच हुआ. 20 और 21 जुलाई को आयोजित इस प्रतियोगिता में खो-खो और शतरंज की स्पर्धाओं में विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभावान खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं.
सात डीएवी विद्यालयों की टीमों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता में डीएवी बरही, कोडरमा, बरकाकाना, रजरप्पा, केदला, तापीन और आरा कुजू की टीमों ने भाग लिया. खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और विद्यालय प्रतिनिधियों के आगमन से पूरा परिसर खेल भावना, अनुशासन और उत्साह से सराबोर नजर आया.
अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
उद्घाटन समारोह में डीएवी रजरप्पा के प्राचार्य डॉ. आर.के. साहू, डीएवी आरा कुजू के प्राचार्य आलोक कुमार तथा डीएवी तापीन के प्राचार्य रविंद्र कुमार पात्रा मौजूद रहे. अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास का सशक्त माध्यम है. उन्होंने खिलाड़ियों से निष्पक्ष खेल, अनुशासन और टीम भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया.
खो-खो में बरही और रजरप्पा का शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता के दौरान अंडर-17 खो-खो बालिका वर्ग में डीएवी बरही ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि डीएवी केदला की टीम उपविजेता रही. वहीं अंडर-19 बालिका वर्ग में डीएवी रजरप्पा विजेता बना और डीएवी बरही ने उपविजेता स्थान हासिल किया.
शतरंज में भी खिलाड़ियों ने बिखेरा जलवा
शतरंज प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया. अंडर-17 वर्ग में डीएवी बरही और अंडर-19 वर्ग में डीएवी रजरप्पा की टीम विजेता रही.
खेल भावना से खेलने का दिया संदेश
प्रतियोगिता के दौरान सफल खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया. विद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि खेल हमेशा खेल भावना से खेलना चाहिए. उन्होंने कहा कि खेल हमें अनुशासन, समर्पण और संघर्ष का पाठ पढ़ाते हैं. खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि जुनून के साथ खेलें, ईमानदारी से प्रतिस्पर्धा करें और सम्मान के साथ विजय प्राप्त करें.
प्रतिभाओं को मिला बड़ा मंच
आयोजन ने विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने, आपसी सहयोग बढ़ाने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करने का सशक्त मंच प्रदान किया. दो दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साह और प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र बना रहा.
