Giridih: झारखंड सरकार के मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के गिरिडीह जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा को अपना विधायक प्रतिनिधि नियुक्त किया है. इस नियुक्ति के बाद उन्हें राजनीतिक और संगठनात्मक स्तर पर नई जिम्मेदारी मिली है. नियुक्ति के बाद कृष्ण मुरारी शर्मा ने मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मंत्री ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा कि विधायक प्रतिनिधि के रूप में सौंपे गए दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करेंगे. साथ ही जनता और जनप्रतिनिधि के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास करेंगे.
उन्होंने कहा कि गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए लगातार सक्रिय भूमिका निभाएंगे. इसके अलावा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने की दिशा में भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे.
कृष्ण मुरारी शर्मा ने मंत्री का जताया आभार
कृष्ण मुरारी शर्मा ने इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए मंत्री सह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के साथ-साथ JMM के गिरिडीह जिलाध्यक्ष संजय सिंह का भी आभार जताया. उन्होंने कहा कि संगठन और नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे वह अपने कार्यों से सार्थक साबित करने का प्रयास करेंगे.

विधायक प्रतिनिधि की नियुक्ति संबंधी पत्र की प्रतिलिपि उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और उप विकास आयुक्त, गिरिडीह को भी भेज दी गई है, ताकि आवश्यक प्रशासनिक समन्वय सुनिश्चित किया जा सके. इस नियुक्ति के बाद झामुमो कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है तथा उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं.
