झामुमो केंद्रीय नेतृत्व के सामने जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने रखा लोहरदगा का रिपोर्ट कार्ड

Lohardaga : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के लोहरदगा जिला अध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने रांची स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय पहुंचकर केंद्रीय महासचिव...

Lohardaga : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के लोहरदगा जिला अध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने रांची स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय पहुंचकर केंद्रीय महासचिव सह केंद्रीय प्रवक्ता विनोद पांडेय से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने लोहरदगा जिले में संगठन की वर्तमान स्थिति, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे कार्यों तथा विभिन्न सांगठनिक गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को सौंपी. इस दौरान जिले में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, आम जनता के बीच पार्टी की पकड़ और आगामी राजनीतिक और सांगठनिक कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई.

गांव-गांव संगठन मजबूत करने पर जोर

मोजम्मिल अहमद ने केंद्रीय नेतृत्व को अवगत कराया कि झामुमो कार्यकर्ता गांव-गांव तक पहुंचकर संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ जनता की समस्याओं को भी गंभीरता से उठा रहे हैं. केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने जिले में चल रहे SIR अभियान की समीक्षा करते हुए लोहरदगा की स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने जिला अध्यक्ष को निर्देश दिया कि झामुमो के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ SIR अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं और यह सुनिश्चित करें कि अभियान का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे.

संगठन की असली ताकत समर्पित कार्यकर्ता : विनोद पांडेय 

उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित होती है. इसलिए बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और जनता के बीच पार्टी की विचारधारा को मजबूती से पहुंचाने की आवश्यकता है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से नियमित रूप से जनसंपर्क अभियान चलाने और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहने का भी आह्वान किया. विनोद पांडेय ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली झारखंड सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाई जाए, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके.

सरकार की योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर झामुमो का जोर

उन्होंने कहा कि सरकार की विकासोन्मुखी और जनहितकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है. मुलाकात के बाद मोजम्मिल अहमद ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व से मिले मार्गदर्शन के अनुरूप लोहरदगा जिले में संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा. साथ ही कार्यकर्ताओं के सहयोग से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर हर जरूरतमंद तक उनका लाभ पहुंचाने का अभियान तेज किया जाएगा. उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से जिले में झामुमो और अधिक मजबूत होकर जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा.

Also Read : गिरिडीह: कृष्ण मुरारी शर्मा बने मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के विधायक प्रतिनिधि

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *