चाईबासा : संगठनों ने निष्पक्ष जांच व दोषियों की गिरफ्तारी की उठाई मांग

Chaibasa : आदिवासी हो समाज युवा महासभा और मानकी-मुंडा संघ के संयुक्त तत्वावधान में मझगांव थाना के नवपदस्थापित थाना प्रभारी परमेश्वर उरांव...

Chaibasa : आदिवासी हो समाज युवा महासभा और मानकी-मुंडा संघ के संयुक्त तत्वावधान में मझगांव थाना के नवपदस्थापित थाना प्रभारी परमेश्वर उरांव का पांडुकी गांव स्थित हो समाज के पवित्र देशाउली परिसर के समीप पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ स्वागत और अभिनंदन किया गया. इस दौरान उन्हें गुलदस्ता भेंट कर शुभकामनाएं दी गईं तथा क्षेत्र में निष्पक्ष, संवेदनशील एवं प्रभावी पुलिस व्यवस्था की अपेक्षा व्यक्त की गई.

स्वागत समारोह के दौरान

स्वागत समारोह के दौरान मानकी-मुंडा संघ के केंद्रीय अध्यक्ष गणेश पाट पिंगुवा ने कहा कि पांडुकी गांव में हाल ही में हुई घटना से आदिवासी समाज में गहरा आक्रोश और चिंता का माहौल है. उन्होंने नवपदस्थापित थाना प्रभारी से मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर सभी दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की. उन्होंने कहा कि इससे पीड़ित पक्ष को न्याय मिलेगा और आम लोगों का कानून और पुलिस प्रशासन पर विश्वास और मजबूत होगा. आदिवासी हो समाज युवा महासभा के राष्ट्रीय महासचिव गब्बर सिंह हेम्ब्रम ने कहा कि पूर्व में पदस्थापित कई थाना प्रभारियों ने आदिवासी समाज की समस्याओं और भावनाओं को अपेक्षित गंभीरता से नहीं लिया. उन्होंने विश्वास जताया कि परमेश्वर उरांव कानून के अनुरूप निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कदम उठाएंगे और समाज की न्याय संबंधी अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे.

कानून-व्यवस्था में हरसंभव सहयोग का भरोसा

दोनों संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन के साथ सकारात्मक समन्वय और सहयोग का भरोसा जताते हुए कहा कि क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वे हरसंभव सहयोग करेंगे. साथ ही प्रशासन से बिना किसी भेदभाव के कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की. कार्यक्रम में आदिवासी हो समाज युवा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष इपिल सामड, पूर्व अध्यक्ष भूषण पाट पिंगुवा, राष्ट्रीय महासचिव गब्बर सिंह हेम्ब्रम, प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द बिरुवा, जिला अध्यक्ष शेरसिंह बिरुवा, सचिव ओयबन हेम्ब्रम, कमलेश बिरुवा, मनीष बिरुवा, नंदलाल पिंगुवा सहित दोनों संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.

Also Read : झारखंड वाणिज्य कर विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: दर्जनों अधिकारियों की हुई नियमित प्रोन्नति, मिली नई तैनाती

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *