Ranchi: रांची पुलिस ने जनता और पुलिस के बीच दूरी मिटाने तथा शहर की विधि-व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक नई एवं सराहनीय पहल की है. एसएसपी राकेश रंजन द्वारा जन-वार्तालाप कार्यक्रम की शुरुआत की गई है. इस पहल के तहत किसी महत्वपूर्ण क्षेत्र या मोहल्ले के प्रबुद्ध नागरिकों, स्थानीय पार्षदों और समाजसेवियों के साथ बैठकर सीधे संवाद स्थापित किया जाएगा, ताकि उस क्षेत्र की सुरक्षा और अन्य गंभीर समस्याओं का त्वरित समाधान निकाला जा सके.
सुखदेवनगर और पहाड़ी मंदिर क्षेत्र से हुई शुरुआत
इस कार्यक्रम के प्रथम चरण के तहत आज पुलिस कार्यालय, रांची में सुखदेवनगर और पहाड़ी मंदिर के आसपास के बुद्धजीवियों, स्थानीय पार्षदों और समाजसेवियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई.
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति रही, जिनमें मुख्य रूप से शामिल थे. जिनमें सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, एएसपी निखिल राय समेत अन्य पुलिस अधिकारी थे.
असामाजिक तत्वों पर नकेल और छात्राओं की सुरक्षा पर विशेष जोर
चर्चा के दौरान उपस्थित स्थानीय लोगों ने सुखदेवनगर, पहाड़ी मंदिर, खादगढ़ा और आसपास के इलाकों के गंभीर मुद्दों को पुलिस के समक्ष रखा.
जनता से मिले फीडबैक के बाद एसएसपी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि
आपराधिक और असामाजिक तत्वों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करें. स्कूल, कॉलेज और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास, विशेषकर बच्चियों के आने-जाने के समय विशेष सतर्कता बरतने, निगरानी रखने और सतत गश्ती (पेट्रोलिंग) करने के निर्देश दिए गए.
सावन माह को लेकर पहाड़ी मंदिर में व्यवस्थाओं पर मंथन
आगामी पवित्र सावन माह को ध्यान में रखते हुए पहाड़ी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई. पहाड़ी मंदिर पूजा समिति, स्थानीय प्रबुद्धजनों, पार्षदों और केन्द्रीय शांति समिति के सदस्यों से परामर्श मांगा गया. श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन, बैरिकेडिंग, पार्किंग और शांतिपूर्ण विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु कई महत्वपूर्ण सुझाव लिए गए. एसएसपी ने अधिकारियों को इन सुझावों पर तत्काल अमल करने के निर्देश दिए.
थाना स्तर पर होंगी बैठकें, मजबूत होगा पुलिस और पब्लिक रिश्ता
एसएसपी ने सिटी और ग्रामीण एसपी को निर्देश दिया कि कि वे भी थानावार ‘जन-वार्तालाप’ कार्यक्रम का आयोजन करें और स्थानीय प्रबुद्धजनों के साथ बैठकें कर सामाजिक व गंभीर मुद्दों का निपटारा करें.
ALSO READ: देवघर: बाबा बैद्यनाथ के दानपात्र में उमड़ी आस्था, 17.67 लाख के साथ विदेशी मुद्रा भी मिली


