Chatra: टंडवा प्रखंड के डहु बड़गांव पंचायत को टंडवा से जोड़ने वाली सड़क पर कुहू बाद नदी पर बने पुल की गुणवत्ता पर पहली ही बारिश ने सवाल खड़े कर दिए हैं. बारिश के बाद पुल के किनारे का हिस्सा बह गया, जबकि सड़क के कई हिस्सों में दरारें और टूट-फूट भी सामने आई है. इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है.
पहली बारिश में पुल की खुली पोल
ग्रामीणों का आरोप है कि पुल और सड़क का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया गया. उनका कहना है कि निर्माण कार्य पूरा हुए अभी करीब एक वर्ष ही हुआ है, लेकिन पुल और सड़क की हालत खराब हो चुकी है. उनका कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो बारिश के दौरान आवाजाही प्रभावित हो सकती है और किसी बड़े हादसे की आशंका भी बनी रहेगी.
ग्रामीणों ने संबंधित संवेदक पर घटिया निर्माण कराने का आरोप लगाते हुए उसे ब्लैकलिस्ट करने की मांग की है. साथ ही निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पुल व सड़क की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने की भी मांग की है.
