गिरिडीह में दिनदहाड़े लाखों की लूट, 36 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली, CCTV में कैद हुए 6 बदमाश

Giridih: जिले के पचंबा थाना क्षेत्र के मोहनपुर में मछली कारोबारी से दिनदहाड़े ₹2.07 लाख की लूट के 36 घंटे बीत जाने...

robbery
Broad-daylight robbery worth lakhs in Giridih

Giridih: जिले के पचंबा थाना क्षेत्र के मोहनपुर में मछली कारोबारी से दिनदहाड़े ₹2.07 लाख की लूट के 36 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस अपराधियों तक नहीं पहुंच सकी है. हैरानी की बात यह है कि वारदात को अंजाम देने वाले छह बदमाश बिना चेहरा ढके दो बाइकों पर फरार हो गए और रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद भी हो गए. फुटेज में आरोपी हाथ में रुपयों से भरा बैग लेकर जाते हुए नजर आ रहे हैं. पुलिस को जांच के दौरान कई सीसीटीवी फुटेज मिले हैं. इनमें दो बाइकों पर कुल छह युवक सवार दिखाई दे रहे हैं. किसी ने भी अपना चेहरा नहीं ढका था. एक बुलेट और एक ग्लैमर बाइक पर तीन-तीन युवक सवार थे. बुलेट बाइक के बीच में बैठे युवक के हाथ में वह बैग दिखाई दे रहा है, जिसमें मछली कारोबारी के ₹2.07 लाख नकद रखे थे. वारदात के बाद सभी आरोपी पचंबा की ओर भागते नजर आए.

पिस्टलनुमा हथियार दिखाकर लूट की वारदात

पीड़ित जगपतारी निवासी मछली कारोबारी आफताब रैन ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब नौ बजे वह बस स्टैंड स्थित मछली मंडी से कारोबार समाप्त कर घर लौट रहे थे. जैसे ही वह मोहनपुर फॉरेस्ट ऑफिस के पास पहुंचे, दो बाइकों पर सवार छह बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली. आरोप है कि एक बदमाश ने उनकी कनपटी पर पिस्टलनुमा हथियार सटा दिया. इसी दौरान दूसरे बदमाश ने ₹2.07 लाख से भरा बैग छीन लिया और सभी आरोपी फरार हो गए.

जांच जारी, गिरफ्तारी का इंतजार

घटना के बाद पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान में जुटी है. स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की गई है. शुरुआती जांच में बैग छीने जाने की पुष्टि हुई है, हालांकि हथियार दिखाने की घटना की जांच भी पुलिस कर रही है. पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है. विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है और अपराधियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है. उन्होंने कहा कि मामले का जल्द उद्भेदन कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.

36 घंटे बाद भी गिरफ्तारी नहीं

वारदात के 36 घंटे बाद भी पुलिस को कोई गिरफ्तारी नहीं मिली है. खुले चेहरे के साथ फरार हुए आरोपियों के सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है. अब सभी की नजरें पुलिस की जांच और कार्रवाई पर टिकी हैं.

ALSO READ: गिरिडीह: तेज रफ्तार ट्रक ने बोरवेल वाहन को मारी टक्कर, तीन मजदूर गंभीर

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *