हजारीबाग नगर निगम के दो युवा कर्मियों के निधन से शोक, श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा कर्मचारियों का जनसैलाब

Hazaribagh: शहर के नगर निगम के दो युवा कर्मियों टीपर चालक पिंटू कुमार गुप्ता (36 वर्ष) एवं सफाई कर्मचारी रवि कुमार (30...

Hazaribagh: शहर के नगर निगम के दो युवा कर्मियों टीपर चालक पिंटू कुमार गुप्ता (36 वर्ष) एवं सफाई कर्मचारी रवि कुमार (30 वर्ष) के लंबी बीमारी के बाद 27 जुलाई को हुए आकस्मिक निधन से नगर निगम परिवार और कोरा हेड टोला क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. दोनों कर्मचारियों के असमय निधन पर अखिल भारतीय मजदूर संगठन के तत्वावधान में शोक सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई.

श्रद्धांजलि सभा में उमड़ी भीड़

शोक सभा में नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और यूनियन प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए. सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की.

अधिकारियों और मजदूर नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम में अखिल भारतीय मजदूर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विवेक कुमार वाल्मीकि मुख्य रूप से उपस्थित रहे. वहीं नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त विपिन कुमार, प्रधान सहायक निरंजन सिंह तथा हेड जमादार दीपक गोस्वामी ने भी दिवंगत कर्मियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए. यूनियन की ओर से चुम्मु राम, गौतम राम, सुधीर राम और रविकांत कुमार सिंह सहित नगर निगम के सभी कर्मचारी मौजूद रहे. सभी ने दोनों दिवंगत कर्मचारियों के कार्यों और उनके सरल स्वभाव को याद करते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की.

परिजनों को आर्थिक सहायता

शोक सभा के दौरान प्रधान सहायक निरंजन सिंह ने संवेदनशील पहल करते हुए मृत कर्मचारियों के आश्रित परिवारों को तत्काल 10-10 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की. उन्होंने कहा कि नगर निगम बोर्ड द्वारा अंतिम संस्कार सहायता के रूप में घोषित 10 हजार रुपये की राशि भी जल्द उपलब्ध करा दी जाएगी.

अखिल भारतीय मजदूर संगठन ने इस मानवीय पहल के लिए निरंजन सिंह का आभार व्यक्त किया. यूनियन नेताओं ने बताया कि वे कर्मचारियों के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहते हैं और किसी कर्मचारी के निधन पर व्यक्तिगत स्तर पर भी आर्थिक सहयोग करते रहे हैं.

अनुकंपा के आधार पर रोजगार का आश्वासन

शोक सभा को संबोधित करते हुए सहायक नगर आयुक्त विपिन कुमार ने मृतक कर्मचारियों के परिजनों को ढांढस बंधाया. उन्होंने कहा कि दोनों परिवारों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर दैनिक मजदूर के रूप में जल्द कार्य उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि परिवारों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े. उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में शोक सभा अथवा किसी कर्मचारी के निधन के कारण कार्य प्रभावित होने पर गुरु रामदास कंपनी द्वारा कर्मचारियों का वेतन नहीं काटा जाएगा तथा कर्मचारियों के हितों की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी.

कर्मचारियों ने जताई एकजुटता

शोक सभा के दौरान उपस्थित कर्मचारियों ने कहा कि नगर निगम परिवार ने अपने दो मेहनती साथियों को खो दिया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है. सभी ने दिवंगत कर्मियों के परिवारों के साथ हर परिस्थिति में खड़े रहने का संकल्प लिया और प्रशासन से भी आश्रितों को शीघ्र राहत एवं रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की. कार्यक्रम का समापन दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति सामूहिक संवेदना व्यक्त करने के साथ हुआ.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *