गिरिडीह: ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया तेज, एक महीने में 1,779 लाइसेंस जारी, DC ने लाभुकों को सौंपे प्रमाण पत्र

Giridih: राज्य सरकार के निर्देशों के अनुरूप आम नागरिकों को परिवहन संबंधी सेवाएं सरल, सुलभ और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के...

Giridih: राज्य सरकार के निर्देशों के अनुरूप आम नागरिकों को परिवहन संबंधी सेवाएं सरल, सुलभ और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गिरिडीह जिला प्रशासन द्वारा ड्राइविंग लाइसेंस निर्गमन अभियान को प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है. उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के सतत मार्गदर्शन एवं नियमित अनुश्रवण का सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है. जिले में ड्राइविंग लाइसेंस निर्गमन की प्रक्रिया में उल्लेखनीय तेजी आई है और बड़ी संख्या में पात्र आवेदकों को समय पर लाइसेंस उपलब्ध कराया जा रहा है.

15 लाभुकों को सौंपे लाइसेंस

इसी क्रम में मंगलवार को उपायुक्त रामनिवास यादव ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान 15 लाभुकों को सांकेतिक रूप से ड्राइविंग लाइसेंस प्रदान किए. इस अवसर पर उन्होंने लाभुकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वैध ड्राइविंग लाइसेंस केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक होने की पहचान भी है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक वाहन चालक का दायित्व है कि वह यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करे और सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे.

यातायात नियमों के पालन की अपील

उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सुरक्षित एवं अनुशासित वाहन संचालन अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने लोगों से बिना वैध लाइसेंस वाहन नहीं चलाने तथा हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की. साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि ड्राइविंग लाइसेंस निर्गमन की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, त्वरित और नागरिक हितैषी बनी रहे, ताकि पात्र आवेदकों को बिना किसी अनावश्यक विलंब के सेवा का लाभ मिल सके.

जून में जारी हुए 1,779 लाइसेंस

इस मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि जून 2026 के दौरान जिले में कुल 1,779 ड्राइविंग एवं लर्निंग लाइसेंस जारी किए गए हैं. इनमें 906 स्थायी (ड्राइविंग) लाइसेंस शामिल हैं, जिनमें 893 पुरुष एवं 13 महिला लाभार्थी हैं. वहीं 798 लर्निंग लाइसेंस जारी किए गए, जिनमें 783 पुरुष और 15 महिला लाभार्थी शामिल हैं. इसके अतिरिक्त 75 हैवी मोटर वाहन (एचएमवी) लाइसेंस भी निर्गत किए गए हैं.

Also Read: BREAKING: नक्सलियों के निशाने पर सुरक्षा बल-विशेष पुलिस अधिकारी और पुलिस समर्थक, पुलिस मुख्यालय ने जारी किया अलर्ट

पारदर्शी प्रक्रिया और सड़क सुरक्षा पर जोर

उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप आवेदन, ड्राइविंग टेस्ट, दस्तावेजों की जांच और लाइसेंस निर्गमन की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से संचालित की जा रही है. साथ ही सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान भी चलाए जा रहे हैं.

प्रशासन ने की अपील

जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही वाहन चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित, अनुशासित एवं जिम्मेदार सड़क संस्कृति के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं. प्रशासन का लक्ष्य प्रत्येक पात्र नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण एवं सुगम सरकारी सेवाएं पहुंचाना तथा सड़क सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाना है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *