रांची: विधानसभा परिसर में सोमवार को विधानसभा औषधालय में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. जिसका शुभारंभ खुद मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने रक्तदान करके किया. मुख्यमंत्री के इस कदम ने न केवल वहां मौजूद लोगों को प्रेरित किया, बल्कि समाज को एक सकारात्मक संदेश भी दिया.

रक्तदान जीवन बचाने का महायज्ञ: CM
रक्तदान करने के पश्चात मीडिया और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि रक्तदान एक महान मानवीय कार्य है. उन्होंने इसे पुण्य का कार्य बताते हुए जोर दिया कि हमारे द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनदान साबित हो सकता है.
रक्तदान वह सेवा है जिसे शब्दों में नहीं मापा जा सकता. यह एक ऐसा दान है जो सीधे तौर पर मानवता की रक्षा करता है. मैं सभी से अपील करता हूं कि इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाएं.
