Dhanbad: कोयलांचल में अवैध कोयला कारोबार और वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का शिकंजा कसता जा रहा है. धनबाद और आसपास के इलाकों में ईडी की टीमों द्वारा कई प्रमुख व्यक्तियों के ठिकानों पर की जा रही छापेमारी में से अधिकांश जगहों पर कार्रवाई पूरी हो चुकी है, जबकि चासनाला में अभी भी छानबीन जारी है.
गणेश यादव और शुभम साव के यहां से मिले दस्तावेज
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, लोदना हुचूकटांड़ स्थित गणेश यादव और चौथाई कुल्ली स्थित शुभम साव के परिसरों में ईडी की कार्रवाई समाप्त हो गई है. टीम जब इन ठिकानों से निकली, तो उनके हाथों में कई महत्वपूर्ण फाइलें और दस्तावेज थे. ईडी की टीम गणेश यादव और शुभम साव के परिसरों से अवैध कोयला कारोबार से जुड़े कई संदेहास्पद और अहम दस्तावेज जब्त कर अपने साथ ले गई है. इन दस्तावेजों के आधार पर आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.
इन ठिकानों पर समाप्त हुई कार्रवाई
- – ईडी की अलग-अलग टीमों ने क्षेत्र के कई अन्य चर्चित चेहरों के ठिकानों पर भी एक साथ दबिश दी थी, जहां तलाशी अभियान अब पूरा कर लिया गया है.
- – गणेश यादव (कार्रवाई समाप्त, दस्तावेज जब्त)
- – शुभम साव (कार्रवाई समाप्त, दस्तावेज जब्त)
- – रंजीत सिंह (कार्रवाई समाप्त)
- – ओम प्रकाश सिंह एवं विजय पासवान (कार्रवाई समाप्त)
- – इन सभी जगहों पर घंटों चली सघन पूछताछ और कागजातों की खंगाल के बाद ईडी की टीमें वापस लौट चुकी हैं.
चासनाला में इम्तियाज अली के घर कार्रवाई जारी
जहां एक ओर अन्य ठिकानों पर जांच पूरी हो चुकी है, वहीं चासनाला स्थित इम्तियाज अली के आवास पर ईडी की कार्रवाई अभी भी लगातार जारी है. अधिकारियों की टीम घर के भीतर वित्तीय लेन-देन, संपत्ति के कागजात और डिजिटल उपकरणों की बारीकी से जांच कर रही है. घर के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और किसी भी बाहरी व्यक्ति की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है.
कोयलांचल में हड़कंप
ईडी की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से धनबाद और आसपास के कोयला सिंडिकेट से जुड़े लोगों में हड़कंप का माहौल है. केंद्रीय एजेंसी द्वारा जब्त किए गए अवैध कोयला कारोबार से जुड़े दस्तावेजों की स्क्रूटनी के बाद कई अन्य रसूखदारों पर भी गाज गिर सकती है.
ALSO READ : कोडरमा में 622 लोगों को मिला ड्राइविंग लाइसेंस, प्रखंड स्तरीय कैम्प में 955 ने किया आवेदन
