Palamu: जिले के नीलांबर-पीतांबरपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में पदाधिकारियों के लिए निर्मित नए आवासीय भवन का उद्घाटन गुरुवार को पांकी विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता ने फीता काटकर किया. उद्घाटन से पहले विधायक का फूल-माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया.
अब डाल्टनगंज का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. मेहता ने कहा कि पहले क्षेत्र के लोगों को अपने कार्यों के लिए डाल्टनगंज जाना पड़ता था. कई बार पदाधिकारियों से मुलाकात नहीं होने के कारण ग्रामीणों का समय और पैसा दोनों बर्बाद होता था, तथा उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता था. उन्होंने कहा कि नए आवासीय भवन के निर्माण से अब प्रखंड, एवं अंचल के अधिकारी स्थानीय स्तर पर उपलब्ध रहेंगे. इससे आम लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए डाल्टनगंज का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, और सरकारी सेवाएं समय पर मिल सकेंगी.
प्रशासनिक व्यवस्था भी अधिक प्रभावी बनेगी
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारियों को इन सरकारी आवासों में रहना होगा. उन्होंने कहा कि अधिकारियों की स्थानीय स्तर पर मौजूदगी से जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव होगा, और प्रशासनिक व्यवस्था भी अधिक प्रभावी बनेगी.

ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रखंड सह अंचल अधिकारी जागो महतो, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी राजीव रंजन, जिला प्रतिनिधि प्रकाश मेहता, प्रखंड प्रमुख सुनील कुमार पासवान, प्रोफेसर बच्चन ठाकुर, विधायक प्रतिनिधि सुनील कुशवाहा, छोटेलाल सोनी, निर्मल मेहता, अजय पासवान, कुराइन पतरा मुखिया पति बीरेंद्र राम, पूर्णाडीह पंचायत समिति सदस्य कमेश यादव, बीरेंद्र मेहता, सहित प्रखंड एवं अंचल के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे.
ALSO READ:कोडरमा : GST इंटेलिजेंस की टीम ने कन्हैया कंफेक्शनर पर छापेमारी मारी की , दस्तावेजों की जांच जारी
