Koderma : डोमचांच नगर पंचायत क्षेत्र के शहीद चौक स्थित सिंगलोडीह गांव में पति-पत्नी के अटूट रिश्ते की एक भावुक कर देने वाली मिसाल देखने को मिली. वर्षों तक एक-दूसरे का साथ निभाने वाले इस दंपती का साथ मौत भी नहीं तोड़ सकी. पहले पत्नी का निधन हुआ और कुछ ही घंटे बाद पति ने भी अंतिम सांस ले ली. एक ही घर से दोनों की अर्थियां उठने पर पूरा गांव गमगीन हो गया.
सदमें से गई जान
जानकारी के अनुसार, सिंगलोडीह निवासी 55 वर्षीय सुधा देवी लंबे समय से बीमार चल रही थीं. गुरुवार को घर पर ही उनका निधन हो गया. पत्नी की मौत की खबर से 60 वर्षीय पति ओमप्रकाश पोद्दार गहरे सदमे में चले गए. परिजनों ने उन्हें संभालने का काफी प्रयास किया, लेकिन पत्नी के वियोग का आघात वे सहन नहीं कर सके और कुछ ही देर बाद उन्होंने भी दम तोड़ दिया. परिजनों ने बताया कि सुधा देवी का इलाज चल रहा था. उनके जाने के बाद परिवार में मातम छा गया. पति के लिए पत्नी का बिछड़ना असहनीय साबित हुआ.

एक साथ निकली अर्थी, नम हुईं आंखें
एक ही परिवार में कुछ ही समय के अंतराल पर हुई दो मौतों की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, समाजसेवी और शुभचिंतक उनके घर पहुंचे और दिवंगत दंपती को श्रद्धांजलि अर्पित की. बाद में परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों का अंतिम संस्कार किया गया. एक साथ पति-पत्नी की अंतिम यात्रा निकलते देख हर किसी की आंखें नम हो गईं. पूरे क्षेत्र में इस घटना की चर्चा है और हर कोई इस जोड़े के अटूट साथ को याद कर रहा है.
