लोहरदगा : हथियारबंद घटनाओं से दहशत में सर्राफा कारोबारी, शनिवार को शहर की सभी ज्वेलरी दुकानें बंद रहेंगी

Lohardaga: शहर में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं, सर्राफा दुकानों को निशाना बनाए जाने और युवा व्यवसायी शुभम साहू की हत्या के बाद...

Lohardaga: शहर में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं, सर्राफा दुकानों को निशाना बनाए जाने और युवा व्यवसायी शुभम साहू की हत्या के बाद सर्राफा कारोबारियों में भय और असुरक्षा का माहौल गहरा गया है. इसी मुद्दे को लेकर लोहरदगा जिला सर्राफा एसोसिएशन की आपात बैठक शुक्रवार को खेमराज स्मृति भवन में आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष दुर्गा सोनी ने की.

कानून-व्यवस्था पर जताई गंभीर चिंता

बैठक में कारोबारियों ने कहा कि हाल के दिनों में शहर में अपराधियों का मनोबल बढ़ा है. खुलेआम हथियार लेकर सर्राफा प्रतिष्ठानों में हत्या और लूटपाट के प्रयास, शुभम साहू की हत्या, पेट्रोल पंप पर रंगदारी और लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के कारण व्यापारी स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं.

हथियारबंद घटना की जानकारी साझा की

बैठक के दौरान संजय खत्री ने अपने प्रतिष्ठान पर हुई हथियारबंद घटना का विवरण साझा किया और घटना के दौरान उत्पन्न भय तथा सुरक्षा संबंधी चिंताओं से सदस्यों को अवगत कराया. इसके बाद कारोबारियों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई.

बंदूक लाइसेंस और पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग

व्यवसायियों ने लंबित बंदूक लाइसेंस मामलों का शीघ्र निपटारा कर लाइसेंस जारी करने की मांग की. साथ ही दिन-रात पुलिस गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध वाहनों की नियमित जांच करने और प्रमुख बाजारों व व्यवसायिक क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग रखी.

मादक पदार्थों की बिक्री पर भी जताई नाराजगी

बैठक में शहर में खुलेआम मादक पदार्थों की बिक्री को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई. कारोबारियों ने कहा कि इसका सीधा असर कानून-व्यवस्था पर पड़ रहा है और अपराध की घटनाओं को बढ़ावा मिल सकता है. उन्होंने अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की.

शनिवार को सभी ज्वेलरी दुकानें रहेंगी बंद

बैठक में उपस्थित सभी सर्राफा व्यवसायियों ने सामूहिक निर्णय लिया कि शनिवार को लोहरदगा शहर की सभी ज्वेलरी दुकानें बंद रखी जाएंगी. दुकानों पर पोस्टर लगाकर बंद का समर्थन जताया जाएगा. कारोबारियों का कहना है कि इस बंद के माध्यम से वे प्रशासन तक अपनी सुरक्षा संबंधी मांगों को मजबूती से पहुंचाना चाहते हैं.

एसपी से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल

एसोसिएशन ने यह भी निर्णय लिया कि सर्राफा व्यवसायियों का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करेगा और बढ़ते अपराध, व्यापारियों की सुरक्षा, लंबित हथियार लाइसेंस तथा पुलिस गश्ती बढ़ाने सहित अन्य मांगों पर चर्चा करेगा.बैठक में झारखंड राज्य स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद सोनी, प्रदेश सलाहकार सदस्य लक्ष्मी स्वर्णकार, बेड़ो प्रखंड अध्यक्ष बजरंग प्रसाद सोनी सहित बड़ी संख्या में सर्राफा व्यवसायी उपस्थित थे.अंत में सर्राफा एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि व्यापारी सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं करेंगे और प्रशासन से भयमुक्त व्यापारिक वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की.
READ ALSO: 01 अगस्त को राज्य के सभी जिलों में भाजयुमो के नेतृत्व में होगा प्रदर्शन, छात्रों के न्याय की लड़ाई में भाजपा पूरी मजबूती के साथ है खड़ीः अमर बाउरी

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *