देवघर में राष्ट्रीय सूड़ी समाज का निःशुल्क कांवरिया सेवा शिविर शुरू, सावन माह में श्रद्धालुओं की होगी सेवा

Deoghar: श्रावणी मेले के पावन अवसर पर राष्ट्रीय सूड़ी समाज की ओर से देवघर मुख्य मार्ग के समीप निःशुल्क कांवरिया सेवा शिविर-2026...

Deoghar

Deoghar: श्रावणी मेले के पावन अवसर पर राष्ट्रीय सूड़ी समाज की ओर से देवघर मुख्य मार्ग के समीप निःशुल्क कांवरिया सेवा शिविर-2026 का शुभारंभ किया गया. शिविर का उद्घाटन समाज के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र मंडल, राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व सदस्य ममता देवी सहित अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. उद्घाटन के दौरान पूरा परिसर “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा. यह सेवा शिविर पूरे सावन माह तक संचालित किया जाएगा, जहां बाबा धाम जाने वाले कांवरियों के लिए निःशुल्क पेयजल, विश्राम, प्राथमिक उपचार सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है.

श्रद्धालुओं की सेवा का लिया संकल्प

प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र मंडल ने कहा कि सावन मास भगवान भोलेनाथ की भक्ति, आस्था और सेवा का पर्व है. राष्ट्रीय सूड़ी समाज का उद्देश्य केवल शिविर लगाना नहीं, बल्कि कांवर यात्रा पर निकलने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की निस्वार्थ भाव से सेवा करना है. उन्होंने कहा कि समाज का संकल्प है कि पूरे सावन माह कोई भी श्रद्धालु स्वयं को असहाय महसूस न करे. सभी सदस्य तन, मन और धन से इस सेवा अभियान में जुटे हैं. मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और श्रद्धालुओं की सेवा भगवान शिव की सच्ची आराधना है.

अतिथियों का किया गया सम्मान

कार्यक्रम में आयोजन समिति की ओर से सभी अतिथियों का अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया. मौके पर राष्ट्रीय संयोजक रणबीर मंडल, राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व सदस्य ममता कुमारी, झामुमो गोड्डा जिला अध्यक्ष प्रेम नंदन मंडल, प्रदेश महासचिव हिमांशु मंडल, प्रदेश सचिव कल्पना मंडल सहित राष्ट्रीय सूड़ी समाज के कई पदाधिकारी और बाबा भक्त मौजूद रहे. कार्यक्रम के अंत में समाज के पदाधिकारियों ने लोगों से सेवा कार्य में सहयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि यह शिविर श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ समाज में सेवा, सहयोग और समर्पण की भावना को मजबूत करने का प्रयास है.

ALSO READ: रांची: RIMS में अब गर्भ में ही होगी आनुवांशिक बीमारियों की पहचान, अगले एक साल तक जांच मुफ्त

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *