हजारीबाग : वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे, रांची-बोकारो-धनबाद फोर लेन और ब्लैक स्पॉट्स पर सांसद ने की NHAI अध्यक्ष से विस्तृत चर्चा

Hazaribagh: हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र की सड़क परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से सांसद मनीष जायसवाल ने नई दिल्ली में भारतीय राष्ट्रीय...

Hazaribagh: हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र की सड़क परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से सांसद मनीष जायसवाल ने नई दिल्ली में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अध्यक्ष संतोष कुमार यादव से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में चल रही विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने पर विस्तार से चर्चा हुई.

एक्सप्रेसवे और फोर लेन परियोजनाओं की समीक्षा

बैठक में वाराणसी–कोलकाता एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए इसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का आग्रह किया गया. इसके अलावा रांची–बोकारो–धनबाद फोर लेन परियोजना की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई. सांसद ने निर्माण कार्य में तेजी लाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए क्षेत्र के विकास के लिए इन परियोजनाओं को महत्वपूर्ण बताया.

सिकिदिरी घाटी की समस्याएं भी उठाईं

सांसद मनीष जायसवाल ने सिकिदिरी घाटी क्षेत्र में सड़क निर्माण के दौरान उत्पन्न हो रही समस्याओं और स्थानीय ग्रामीणों की मांगों को भी NHAI अध्यक्ष के समक्ष प्रमुखता से रखा. उन्होंने परियोजना के निष्पादन के दौरान स्थानीय हितों और जनभावनाओं का ध्यान रखने की आवश्यकता पर बल दिया.

ब्लैक स्पॉट्स के स्थायी समाधान पर जोर

बैठक के दौरान NH-33 के चुटूपालू घाटी, चौपारण–बाराचट्टी मार्ग पर दनुवा-बनुवा के समीप तथा चरही घाटी में स्थित ब्लैक स्पॉट्स के स्थायी समाधान की दिशा में हो रही प्रगति की भी समीक्षा की गई. सांसद ने इन दुर्घटना संभावित स्थलों पर जल्द और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके.

6-लेन परियोजना को शीघ्र पूरा करने की मांग

चौपारण, चोरदाहा और गोरहर में निर्माणाधीन 6-लेन सड़क परियोजना को जल्द पूरा करने पर भी विशेष चर्चा हुई. सांसद ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में यातायात सुगम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.

Also Read: IBPS Clerk Recruitment 2026: 11,403 क्लर्क पदों पर बंपर भर्ती. ग्रेजुएट्स के लिए सुनहरा मौका, 21 अगस्त तक करें आवेदन

बेहतर सड़क संपर्क से विकास को मिलेगी नई गति

सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र की सभी महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क, सुरक्षित यातायात और आधुनिक आधारभूत संरचना से क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी तथा आम लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा प्राप्त होगी.

NHAI अध्यक्ष ने दिया सकारात्मक आश्वासन

बैठक के दौरान NHAI अध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने सांसद को विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान प्रगति से अवगत कराया और लंबित मुद्दों पर आवश्यक एवं सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिया. बैठक को हजारीबाग की सड़क परियोजनाओं में तेजी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *