Bokaro: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के B&K क्षेत्र अंतर्गत संचालित कारो परियोजना के DC-CPL पैच में शनिवार को अवैध कोयला खनन और तस्करी के खिलाफ एक बड़ी और सख्त कार्रवाई की गई. महाप्रबंधक संजय कुमार झा के नेतृत्व में CISF और CCL सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध कोयला कारोबार के नेटवर्क को तगड़ा झटका दिया है.
भारी मात्रा में कोयला जब्त:
विभिन्न गुप्त ठिकानों पर जमा करके रखा गया अवैध कोयला बरामद किया गया, जिसे सुरक्षा बलों द्वारा सुरक्षित स्थान पर भिजवाया जा रहा है. कोयला ढोने और तस्करी के काम में इस्तेमाल की जा रही लगभग 45 मोटरसाइकिलों को सुरक्षा बलों ने अपने कब्जे में ले लिया है. छापेमारी के दौरान जैसे ही संयुक्त टीम मौके पर पहुंची, सुरक्षा बलों की भनक लगते ही अवैध धंधे में लिप्त लोग और तस्कर पास के घने जंगलों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे.

करोड़ों के आर्थिक नुकसान और राजस्व क्षति पर लगेगी लगाम:
महाप्रबंधक कार्रवाई के बाद महाप्रबंधक संजय कुमार झा ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि DC-CPL पैच और उसके आसपास के इलाकों से पिछले कई दिनों से लगातार बड़े पैमाने पर कोयला चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं. अवैध खनन और चोरी के इस कारोबार से जहां एक तरफ CCL को करोड़ों रुपये का सीधा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर राज्य सरकार को भी राजस्व की भारी क्षति होती है. कंपनी की संपत्ति की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. भविष्य में भी अवैध खनन और कोयला चोरी के खिलाफ ऐसे सख्त और व्यापक अभियान लगातार जारी रहेंगे.
ALSO READ: RERA प्रोजेक्ट्स की डेडलाइन बढ़ाने की तैयारी, घर खरीदारों पर पड़ेगा असर
