Lohardaga: शहर के चर्चित शुभम कुमार उर्फ शुभम साहू हत्याकांड का पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त देसी कट्टा, एक जिंदा .315 बोर की गोली और मोबाइल फोन बरामद किया गया है. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है.
लूट के प्रयास के बाद हुई थी शुभम की हत्या
पुलिस के अनुसार 30 जुलाई की शाम करीब 4:35 बजे अपर बाजार स्थित खत्री ज्वेलर्स में दो अपराधियों ने हथियार के बल पर लूट का प्रयास किया था. इसके करीब एक घंटे बाद पतराटोली स्थित पेट्रोल पंप पर भी कैश लूटने की कोशिश की गई. दोनों जगह असफल होने के बाद अपराधी निधि कॉम्प्लेक्स स्थित प्रिया स्टोर पहुंचे, जहां संचालक शुभम कुमार को गोली मार दी.गंभीर रूप से घायल शुभम को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिली सफलता
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान लाल रौशन नाथ शाहदेव, निवासी कुरसे लोहरदगा और हसमथ राजा, निवासी पतागांई घाघरा गुमला के रूप में की.मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया. पुलिस टीम ने संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की और मोबाइल नंबरों के सीडीआर, आईपीडीआर सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया.
ओयना गांव से दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने शनिवार सुबह लोहरदगा थाना क्षेत्र के ओयना गांव स्थित एक बंद मकान में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में दोनों ने तीनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल देसी कट्टा और गोली बरामद की गई.
पुरानी रंजिश में हत्या का दावा
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी लाल रौशन नाथ शाहदेव ने पूछताछ में बताया कि उसने पुरानी रंजिश के कारण शुभम की हत्या की. आरोपी ने दावा किया कि उसे शक था कि शुभम कुमार पूर्व पीएलएफआई कमांडर संदीप भगत की मुखबिरी करता था. हालांकि पुलिस इस दावे की जांच कर रही है.

आरोपी का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी लाल रौशन नाथ शाहदेव का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. उसके खिलाफ नामकुम, लोहरदगा और सेन्हा थानों में लूट, हत्या के प्रयास, चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं.पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की बरामदगी के लिए रांची में भी छापेमारी जारी है. साथ ही मामले में शामिल अन्य सहयोगियों की तलाश की जा रही है.
ALSO READ: चाईबासा टेबो घाटी में बस और मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर, दो लोगों की मौत
