Koderma: झारखंड राज्य आंगनबाड़ी सेविका सहायिका यूनियन (सीटू) की जिला कमिटी की बैठक चिल्ड्रेन पार्क में जिलाध्यक्ष संतोषी देवी की अध्यक्षता में हुई. संचालन कोडरमा प्रखंड सचिव सुषमा देवी ने किया. बैठक में पिछले छह माह से पोषाहार राशि नहीं मिलने पर सेविकाओं ने रोष व्यक्त किया. मालूम हो कि उधार लेकर सेविकाएं आंगनबाड़ी बच्चों को खाना खिला रही हैं. अब दुकानदारों ने उधार देना बंद कर दिया है. इस परिस्थिति में निर्णय लिया गया कि अगर एक सप्ताह के अंदर पूरे छह माह का भुगतान नहीं हुआ तो 10 अगस्त से आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों का पोषाहार बंद कर दिया जाएगा.
बकाया भुगतान नहीं हुआ तो बंद होगा पोषाहार
बैठक को संबोधित करते हुए सीटू के राज्य सचिव संजय पासवान ने कहा कि एक तरफ महंगाई से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है. ऐसे में छह महीने से पोषाहार राशि नहीं मिली है. अब दुकानदारों ने उधार देने से मना कर दिया है. आंगनबाड़ी में बच्चों का भोजन बंद करना पड़ सकता है. अंडा का दाम 10 रुपये हो गया है, जबकि सरकारी दर 6 रुपये ही है. वह भी उधार लेकर बच्चों को खिलाना पड़ रहा है. अगर एक सप्ताह के अंदर बकाया पोषाहार और मानदेय का भुगतान नहीं हुआ तो 10 अगस्त से आंगनबाड़ी में बच्चों का पोषाहार बंद करने पर सेविकाएं मजबूर हो जाएंगी, जिसकी सारी जवाबदेही समाज कल्याण विभाग की होगी. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने लेबर कोड लागू कर मजदूरों के संघर्ष के अधिकार को कमजोर करने की कोशिश की है, लेकिन मजदूर वर्ग का संघर्ष और तेज होगा.
मानदेय बढ़ाने की भी उठी मांग
प्रदेश अध्यक्ष मीरा देवी ने कहा कि एक तरफ बाजार में सभी चीजों का दाम आसमान छू रहा है, दूसरी तरफ आंगनबाड़ी सेविकाओं को पांच साल पुराने दर पर सामग्री खरीदने के लिए कहा जाता है. केंद्र सरकार ने पिछले नौ वर्षों में मानदेय में एक रुपये की भी बढ़ोतरी नहीं की है, जबकि कई गुना ज्यादा काम का बोझ बढ़ा दिया है.

बैठक में संतोषी देवी, सुषमा देवी, रानी कुमारी, संध्या वर्णवाल, रेखा रजक, संध्या कुमारी, बिमला कुमारी, रीना सिन्हा, सुनीता देवी, रीना देवी, संगीता देवी, मंजु देवी, बबीता देवी, पिंकी कुमारी, आशा देवी, कांती देवी, दीपा देवी, शीला देवी, प्रमीला देवी, अनिता देवी, गायत्री देवी, पुष्पा देवी, अंजनी देवी आदि मौजूद थीं.
ALSO READ: कोडरमा: डोमचांच में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण के लिए प्रशासन ने जारी किया कार्यक्रम
