Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जिला टास्क फोर्स के माध्यम से लगातार सघन जांच अभियान संचालित किया जा रहा है.
गोईलकेरा में जिला टास्क फोर्स की छापेमारी
इसी क्रम में बुधवार की प्रात जिला टास्क फोर्स द्वारा गोईलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पावर ग्रिड स्टेशन के समीप अवैध बालू परिवहन के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान बालू लदे दो ट्रैक्टरों को जांच हेतु रोका गया. जांच के क्रम में ट्रैक्टर चालकों/परिवहनकर्ताओं से खनिज परिवहन से संबंधित वैध माइनिंग ट्रांजिट चालान की मांग की गई. हालांकि, वे न तो कोई वैध परिवहन चालान प्रस्तुत कर सके और न ही बालू के वैध परिवहन के संबंध में कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण दे सके.


अवैध खनन किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं: जिला खनन पदाधिकारी
इसके उपरांत दोनों ट्रैक्टरों को बालू सहित जब्त कर अग्रेतर विधिक कार्रवाई हेतु गोईलकेरा थाना की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया. मामले में प्रासंगिक विधिक प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि जिले में अवैध बालू खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध सघन अभियान निरंतर जारी रहेगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की अवैध खनन गतिविधि को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
Also Read : बोकारो: रेलवे IG माईकल एस राज ने GRP थाना का किया औचक निरीक्षण
