Ranchi: मौसम विभाग ने झारखंड के अधिकांश हिस्सों में अगले पांच दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना जताई गई है. वहीं, कुछ जिलों में भारी बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग के अनुसार, 5 अगस्त को राज्य के उत्तर-पूर्वी, मध्य, उत्तर-पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. 6 से 8 अगस्त तक भी अलग-अलग क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी.
बादल छाए रहेंगे
रांची का मौसम रांची और आसपास के इलाकों में 5 अगस्त को बादल छाए रहेंगे तथा दो या अधिक बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 6 से 9 अगस्त तक भी रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. पिछले 24 घंटे का हाल राज्य के लगभग सभी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक 166.4 मिमी बारिश गोड्डा में रिकॉर्ड की गई. वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस कांके में दर्ज किया गया. रांची में पिछले 24 घंटे के दौरान 36.6 मिमी बारिश हुई. यहां अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

AlsoRead:खतियानी जमीन की रजिस्ट्री पर एक माह से ब्रेक, हजारीबाग में हजारों रैयत परेशान


