Ranchi: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पेपर लीक मामले को लेकर कहा कि यह अब केवल झारखंड का नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर का मुद्दा बन चुका है. उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि देश के कई अन्य राज्यों में भी इस तरह की घटनाएं हुई हैं, लेकिन वहां अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है.
राज्यपाल से मुलाकात कर वर्तमान स्थिति से कराया अवगत
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस पूरे मामले को लेकर उन्होंने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर झारखंड की वर्तमान स्थिति से उन्हें अवगत कराया है. उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो वह इस मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री से भी बातचीत करेंगे.हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार इस मामले को पूरी गंभीरता से देख रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं और हर पक्ष की बात सुनी जाएगी.



