Pakur: झारखंड लोक सेवा आयोग JPSC एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, टीडीपीएल एजेंसी की भूमिका तथा परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग को लेकर राज्यपाल के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया. धरना प्रदर्शन के दौरान मार्क बास्की ने बताया कि परीक्षाओं की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए उच्चस्तरीय जांच के साथ कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए हैं. JPSC एवं JSSC की विभिन्न परीक्षाओं में समय-समय पर सामने आए विवादों और कथित अनियमितताओं के कारण लाखों अभ्यर्थियों का परीक्षा प्रणाली से भरोसा कमजोर हुआ है. इसमें टीडीपीएल एजेंसी के चयन, परीक्षा संचालन, ऑनलाइन मूल्यांकन प्रक्रिया तथा नियुक्तियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है.
संयुक्त लोक सेवा आयोग के गठन की संभावना पर विचार करने का भी आग्रह
उन्होंने कहा कि यदि टीडीपीएल एजेंसी के चयन में किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो एजेंसी द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं की जांच कर आवश्यक होने पर उन्हें निरस्त कर पुनः पारदर्शी तरीके से आयोजित किया जाए. साथ ही जांच रिपोर्ट सार्वजनिक कर दोषी अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग की गई है. अभ्यर्थियों ने 11वीं से 13वीं संयुक्त मुख्य प्रतियोगिता परीक्षा के ऑनलाइन मूल्यांकन की स्वतंत्र जांच कराने, 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच तथा दोष सिद्ध होने पर परीक्षा रद्द कर पुनर्परीक्षा कराने की मांग की. भविष्य में प्रश्नपत्र निर्माण, छपाई, परीक्षा संचालन, उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन और परिणाम प्रकाशन जैसे सभी संवेदनशील कार्य किसी निजी एजेंसी के बजाय आयोग स्वयं अपनी प्रत्यक्ष निगरानी में कराए. इसके अलावा JPSC एवं JSSC की विवादित परीक्षाओं की सीबीआई से समयबद्ध जांच, फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन, परीक्षा पारदर्शिता संबंधी कड़े कानून बनाने तथा दोषियों के लिए कठोर दंड और संपत्ति कुर्की का प्रावधान करने की भी मांग की गई है. इसके अतिरिक्त आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यों की नियुक्ति योग्यता, ईमानदारी और पारदर्शिता के आधार पर करने, चयन के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने तथा आयोग की संरचना की समीक्षा कर आवश्यकता पड़ने पर संयुक्त लोक सेवा आयोग के गठन की संभावना पर विचार करने का भी आग्रह किया गया है. मौके पर राजु राय, इलियास किस्कू, लालचंद राय, सुशिल मुर्मू के अलावे अन्य मौजूद थे.

AlsoRead:जयपाल सिंह स्टेडियम के आंदोलनरत छात्रों से वार्ता करेगी राज्य सरकार, SDO और ADM पहुंचे स्टेडियम


