Bokaro: समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में बुधवार को समाज कल्याण विभाग (समाज कल्याण एवं समेकित बाल विकास सेवा-आईसीडीएस) से संबंधित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सामर ऐप, पोषण ट्रैकर ऐप, आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली तथा विभिन्न लंबित मामलों की परियोजनावार समीक्षा की गई.उपायुक्त ने सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र से न्यूनतम पांच पात्र लाभुकों के आवेदन ऑनलाइन कराना सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत ड्यू लिस्ट में लंबित 4,366 आवेदनों का शीघ्र निष्पादन किया जाए. इनमें 356 आवेदन अगले 30 दिनों के भीतर लैप्स होने की स्थिति में हैं. ऐसे सभी आवेदनों का तीन दिनों के भीतर निष्पादन करते हुए लंबित मामलों को शून्य करने का निर्देश दिया.
नियमित रूप से ऐप पर संचालन का निर्देश दिया
सामर ऐप की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में नामांकित सभी बच्चों की प्रविष्टि सामर ऐप में अनिवार्य रूप से की जाए. साथ ही कुपोषित बच्चों से संबंधित सभी लंबित फॉलो-अप कार्यों का दस दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने परियोजनावार निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा कर शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.पोषण चक्र ऐप की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्र नियमित रूप से ऐप पर संचालित हों तथा सभी पात्र बच्चों को हॉट कुक्ड मील (एचसीएम) उपलब्ध कराया जाए.

साप्ताहिक समीक्षा करने का दिया निर्देश
उपायुक्त ने सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को आईसीडीएस के सभी एजेंडों की सेक्टरवार साप्ताहिक समीक्षा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जिन महिला पर्यवेक्षकों द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समय पर कार्य नहीं किया जा रहा है, उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त करते हुए नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भेजा जाए. साथ ही सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करने तथा महिला पर्यवेक्षकों को अपने-अपने क्षेत्र के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का सतत पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण व बिजली कनेक्शन का किया समीक्षा
बैठक में उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की. उन्होंने संबंधित कार्यदायी एजेंसियों को सभी स्वीकृत आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया. साथ ही विद्युत विभाग के अधिकारियों को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने तथा जिन केंद्रों में अब तक बिजली कनेक्शन नहीं हुआ है, वहां प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र विद्युत कनेक्शन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

