Chatra: चतरा लोकसभा क्षेत्र के प्रस्तावित हंटरगंज बाईपास परियोजना के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने और इसकी अद्यतन स्थिति जानने को लेकर सांसद श्री कालीचरण सिंह ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर उन्हें पत्र सौंपा. सांसद ने पत्र में कहा कि हंटरगंज बाईपास की स्वीकृति की घोषणा के बाद क्षेत्र की जनता में विकास को लेकर नई उम्मीद जगी थी. अब जानकारी मिल रही है कि इस परियोजना को राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को हस्तांतरित किया जा रहा है, ताकि इसका निर्माण आधुनिक फोर-लेन बाईपास के रूप में किया जा सके.इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया है.

प्रतिदिन कई वाहन गुजरते हैं हंटरगंज बाजार से
सांसद ने बताया कि हंटरगंज बाजार से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े, मालवाहक एवं यात्री वाहन गुजरते हैं. इसके कारण अक्सर लंबा जाम लगता है, सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और आम लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, किसानों तथा राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है. ऐसे में बाईपास का शीघ्र निर्माण क्षेत्र की प्रमुख आवश्यकता बन गया है. उन्होंने केंद्रीय मंत्री से परियोजना की वर्तमान स्थिति, डीपीआर (DPR), प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृतियों की प्रगति, भूमि अधिग्रहण की स्थिति तथा निर्माण कार्य शुरू होने की संभावित समय-सीमा की जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया.

निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग
साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर बहुप्रतीक्षित हंटरगंज बाईपास परियोजना का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की भी मांग की. सांसद श्री कालीचरण सिंह ने कहा कि हंटरगंज बाईपास केवल एक सड़क परियोजना नहीं है, बल्कि इससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुगम होगी, सड़क सुरक्षा बेहतर बनेगी, व्यापार और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा तथा चतरा लोकसभा क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी.


