Koderma: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 से संबंधित कार्यों एवं आगामी गतिविधियों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस किया गया. जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि 20 जून से 29 जून 2026 तक तैयारी, प्रशिक्षण एवं गणना प्रपत्रों की छपाई का कार्य किया गया. इसके बाद 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल पदाधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण किया गया. 29 जुलाई तक मतदान केंद्रों के पुनर्गठन की प्रक्रिया भी पूरी की गई. विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 05 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया है. मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां 05 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक दर्ज की जा सकेंगी. प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निष्पादन 05 अगस्त से 03 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा. अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 07 अक्टूबर 2026 को निर्धारित है. दावों एवं आपत्तियों के संग्रहण के लिए मतदान केंद्र स्तर पर प्रथम विशेष शिविर 08 एवं 09 अगस्त तथा द्वितीय विशेष शिविर 22 एवं 23 अगस्त 2026 को आयोजित किए जाएंगे. सभी संबंधित बीएलओ शिविर में उपस्थित रहकर दावा एवं आपत्ति प्राप्त करेंगे. SIR के तहत 15 अगस्त 2026 को संबंधित पंचायत भवनों में ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा. ग्राम सभा में पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी मतदान केंद्रों के बीएलओ तथा चुनाव पाठशाला के सदस्य उपस्थित रहेंगे. ग्राम सभा के माध्यम से मतदाता सूची का सत्यापन करने तथा छूटे हुए पात्र नागरिकों का नाम जोड़ने के संबंध में जानकारी दी जाएगी.
ये शामिल रहें
इसके अतिरिक्त, 25 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक ‘होम टू रोल’ सत्यापन अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान बीएलओ द्वारा परिवारवार मतदाता विवरण का सत्यापन करते हुए सभी घरों पर निर्धारित स्टिकर लगाया जाएगा. दावों एवं आपत्तियों के समयबद्ध निष्पादन के लिए मतदान केंद्रों का आवंटन निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के बीच किया गया है. इनमें अनुमंडल पदाधिकारी कोडरमा निर्मल सोरेन, कार्यपालक दंडाधिकारी मनोज कुमार रवि, अंचल अधिकारी कोडरमा रवि भूषण प्रसाद, प्रखंड विकास पदाधिकारी डोमचांच भोला पांडेय, अंचल अधिकारी डोमचांच रविंद्र कुमार पांडेय तथा अंचल अधिकारी मरकच्चो परमेश्वर कुशवाहा शामिल हैं. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे प्रारूप मतदाता सूची में अपने एवं अपने परिवार के सदस्यों के नाम तथा विवरण की जांच अवश्य कर लें. किसी प्रकार की त्रुटि, नाम छूटने अथवा अन्य संशोधन की आवश्यकता होने पर निर्धारित अवधि के अंदर संबंधित बीएलओ अथवा विशेष शिविर में दावा-आपत्ति प्रस्तुत करें. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उप विकास आयुक्त रवि जैन, अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार एवं विभिन्न मीडिया संस्थानों के संवाददाता व अन्य मौजूद रहे.

AlsoRead:झारखंड विधानसभाः 6 अगस्त से शुरू हो रहे मानसून सत्र में गूंजेगा छात्रों का आक्रोश और सुखाड़ का दर्द


