Ranchi: 15 अगस्त को मोरहाबादी मैदान में होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं. जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई, जिसमें सभी संबंधित विभागों को समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए.उपायुक्त ने कहा कि समारोह की सभी व्यवस्थाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम भव्य, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से आयोजित हो सके.बैठक में बताया गया कि इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह में कुल 14 प्लाटून परेड में हिस्सा लेंगे. वहीं, ओडिशा पुलिस की टुकड़ी भी समारोह में शामिल होगी.
इन व्यवस्थाओं पर रहेगा विशेष ध्यान
मोरहाबादी मैदान में दर्शकों के लिए वाटरप्रूफ पंडाल, गैलरी और पर्याप्त कुर्सियों की व्यवस्था की जाएगी. मैदान का समतलीकरण, बैरिकेडिंग, मंच और साउंड सिस्टम समय पर तैयार किए जाएंगे. कार्यक्रम स्थल पर निर्बाध बिजली और जनरेटर की व्यवस्था रहेगी.

पेयजल, वीआईपी शौचालय और परेड में शामिल कैडेटों के लिए अस्थायी शौचालय बनाए जाएंगे.

मोरहाबादी जाने वाली सड़कों की मरम्मत और साफ-सफाई कराई जाएगी.
समारोह स्थल पर मेडिकल कैंप और अग्निशमन दल भी तैनात रहेंगे.
तैयारी समय पर पूरी करने का निर्देश
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियां पूरी गंभीरता से निभाने और सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया.बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई.
ALSO READ : हंटरगंज बाईपास निर्माण में तेजी लाने की मांग, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिले सांसद कालीचरण सिंह

