News Wave Desk: उत्तराखंड के चमोली जनपद में मौसम लगातार बिगड़ रहा है. जिले के कई इलाकों में बुधवार देर शाम से तेज बारिश हो रही है. वहीं, मौसम विभाग की ओर से पर्वतीय इलाकों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है. ऐसे में जिला प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है. इधर, खराब मौसम के बीच बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग हेलंग के पास भूस्खलन के कारण कुछ समय के लिए हाइवे बाधित हो गया, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. हालांकि, मार्ग बाधित होने की सूचना मिलते ही संबंधित विभागों की टीमें मार्ग को खोलने का काम कर रही है. प्रशासन और सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीम लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है.

बारिश के बीच भी जारी है बदरीनाथ धाम की यात्रा
बदरीनाथ धाम में भी लगातार बारिश होने के कारण अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है और नदी तेज प्रवाह के साथ बह रही है. हालांकि, इसके बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही है. धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है. देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालु बारिश और ठंड की चिंता किए बगैर गर्म कपड़े और रेनकोट का सहारा लेकर भगवान बदरी विशाल के दर्शन के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं. मानसून के कारण यात्रा में पहले के मुकाबले यात्रियों की संख्या में कमी जरूर आई है, लेकिन कम भीड़ होने के कारण श्रद्धालु आसानी से और शांत माहौल में भगवान का दर्शन कर पा रहे हैं.

भूस्खलन के बावजूद रास्ते बहाल करने में जुटा प्रशासन
लगातार हो रही बारिश के कारण बदरीनाथ यात्रा मार्ग पर कई जगह पहाड़ी से मलबा गिरने और भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं. हालांकि प्रशासन, पुलिस और BRO की टीमें लगातार प्रभावित हिस्सों को जल्द खोल रही हैं, जिससे अधिकांश स्थानों पर सड़क को कुछ घंटों के भीतर फिर से यातायात के लिए तैयार कर दिया जा रहा है. इसी कारण बदरीनाथ यात्रा प्रभावित होने के बाद भी पूरी तरह रुकी नहीं है. साथ ही यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगातार निगरानी भी की जा रही है.

चमोली में बढ़ाई गई सतर्कता
लगातार बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन द्वारा चमोली जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है. संवेदनशील इलाकों में खास निगरानी रखी जा रही है. साथ ही लोगों से खराब मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई है. फिलहाल मौसम की चुनौतियों के बीच बदरीनाथ यात्रा जारी है. प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था में जुटा हुआ है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में बारिश का कहर, अगले 3 दिन राहत नहीं

