Ranchi: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र का पहला ही दिन अनोखा रहा. विपक्ष ने सरकार को घेरने के लिए इस बार ऐसा नायाब तरीका निकाला कि सदन के भीतर गंभीर राजनीति के बीच ठहाके भी गूंज उठे. मुद्दे गंभीर थे, लेकिन अंदाज ऐसा था कि सत्ता पक्ष ने चुटकी लेने का एक मौका भी हाथ से नहीं जाने दिया. सत्र की शुरुआत से पहले ही विधानसभा परिसर का माहौल गरमाया हुआ था. मुख्य भाजपा और उसके सहयोगी दल आजसू के विधायकों ने जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और व्यवस्था के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया. तख्तियां लेकर पहुंचे विधायकों ने सरकार विरोधी नारे लगाए और परीक्षाओं की पारदर्शिता पर सवाल उठाए.

मुंह पर मास्क, सदन में अनोखा विरोध
विरोध का यह सिलसिला सदन के अंदर भी जारी रहा, लेकिन इसका रूप बिल्कुल बदला हुआ था. सदन की कार्यवाही शुरू हुई तो BJP विधायक नवीन जायसवाल, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत कई अन्य विधायक अपने मुंह पर मास्क लगाए नजर आए. सदन के भीतर इस ‘मूक प्रदर्शन’ के जरिए BJP विधायकों ने सरकार की कार्यशैली और कथित तौर पर जनता की आवाज दबाने के प्रयासों के खिलाफ अपना रोष प्रकट किया. हालांकि, इन चेहरों पर लगे मास्क ने सदन का सियासी पारा बढ़ाने के बजाय वहां मौजूद नेताओं के चेहरों पर मुस्कान जरूर ला दी.

सुदिव्य सोनू का मजेदार तंज- विधायक जी, मास्क गिर गया
सदन की कार्यवाही के दौरान जब BJP विधायकों का यह अनोखा रूप सत्ता पक्ष की नजरों में आया, तो चुटकियों का दौर शुरू हो गया. मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू अपनी हंसी रोक नहीं पाए. मुस्कुराते हुए उन्होंने मजाकिया अंदाज में BJP विधायक नवीन जायसवाल की ओर देखते हुए कहा, आपका मास्क गिर गया है. मंत्री के इस हल्के-फुल्के तंज पर सदन में बैठे अन्य सदस्यों के चेहरे भी खिल उठे. पीछे से राष्ट्रीय जनता दल के कुछ सदस्यों ने भी इस पर अपनी टिप्पणियां दीं, जिससे सदन का माहौल कुछ पलों के लिए काफी दिलचस्प हो गया. भले ही पहले दिन की शुरुआत तीखे तेवरों और अनोखे प्रदर्शन के साथ हुई हो, लेकिन इसने यह साबित कर दिया कि झारखंड की सियासत में मुद्दों की गंभीरता के साथ-साथ व्यंग्य और हास्य का तड़का भी बखूबी लगता है. सत्र के आगे के दिनों में राजनीतिक गर्मी और बढ़ने के पूरे आसार हैं.


