Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत 08 और 09 अगस्त को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाया जाएगा. यह शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा. बंदगांव के BDO भीषम कुमार ने बताया कि जिन भारतीय नागरिकों की उम्र 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष पूरी हो जाएगी और जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में नहीं है, वे प्रपत्र-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं.
केवल पात्र भारतीय नागरिकों के लिए है- BDO
उन्होंने कहा कि जिन लोगों का मतदान केंद्र उनके घर से दूर है या परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं, वे प्रपत्र-8 भरकर नाम एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित करा सकते हैं. BDO ने बताया कि यह प्रक्रिया केवल पात्र भारतीय नागरिकों के लिए है. कोई भी विदेशी नागरिक मतदाता सूची में नाम जोड़ने या संशोधन के लिए आवेदन नहीं कर सकता.

BDO ने सभी नागरिकों से की अपील
उन्होंने कहा कि इच्छुक लोग अपने मोबाइल में ECINET ऐप डाउनलोड कर या voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. BDO भीषम कुमार ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 08 और 09 अगस्त को अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने या स्थानांतरण की प्रक्रिया समय पर पूरी करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रहे.

ALSO READ: चाईबासा के प्रतिनिधियों ने दिल्ली में गौ सम्मान आवाहन अभियान की केंद्रीय समीक्षा बैठक में लिया भाग

