Koderma: सावन माह में बाबा बैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए कोडरमा जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव ने कोडरमा-मधुपुर पैसेंजर ट्रेन का परिचालन रविवार को भी शुरू करने की मांग की है. इस संबंध में उन्होंने पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर के महाप्रबंधक और धनबाद रेल मंडल के डीआरएम को ट्वीट कर अनुरोध किया है. सोशल मीडिया पर भी इस मांग को लोगों का समर्थन मिल रहा है.
रविवार को ट्रेन नहीं चलने से कांवरियों को परेशानी
रामधन यादव ने कहा कि सावन के दौरान झारखंड और बिहार से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कोडरमा जंक्शन के रास्ते देवघर और बासुकीनाथ जलाभिषेक के लिए यात्रा करते हैं. लेकिन सप्ताह में छह दिन चलने वाली कोडरमा-मधुपुर पैसेंजर ट्रेन रविवार को संचालित नहीं होती, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है.

विद्युतीकरण के बाद रोजाना परिचालन की मांग
उन्होंने कहा कि रेलवे सावन के अवसर पर कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन कर रहा है. ऐसे में कोडरमा-मधुपुर पैसेंजर को भी रविवार सहित सप्ताह के सातों दिन चलाया जाना चाहिए. उन्होंने बताया कि कोडरमा-मधुपुर रेलखंड का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है और अब विद्युत इंजन से परिचालन में कोई तकनीकी बाधा नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि कोडरमा-हजारीबाग टाउन और कोडरमा-बरकाकाना पैसेंजर ट्रेनें पहले से ही सप्ताह के सातों दिन संचालित हो रही हैं.

कोडरमा स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटर और हेल्प डेस्क
सावन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने कोडरमा जंक्शन पर एक अतिरिक्त टिकट काउंटर शुरू किया है. इसके साथ ही कांवरियों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क की भी व्यवस्था की गई है. स्टेशन परिसर में बैनर और पोस्टर के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा संबंधी आवश्यक जानकारी आसानी से मिल सके.
ALSO READ: बोकारो: लोक संवाद में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निष्पादन का DC ने दिया निर्देश

