Ranchi: केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा और विभिन्न मजदूर संगठनों ने 10 अगस्त को राष्ट्रव्यापी रास्ता रोको-रेल रोको आंदोलन का ऐलान किया है. रांची में इस आंदोलन के तहत अल्बर्ट एक्का चौक पर शाम 4 बजे से 7 बजे तक सड़क जाम करने की घोषणा की गई है. संगठनों का दावा है कि इसमें बड़ी संख्या में किसान, मजदूर, महिलाएं, छात्र और युवा शामिल होंगे. आंदोलन की तैयारियों को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के रांची स्थित राज्य कार्यालय में प्रेस वार्ता की गई. इसमें भाकपा के प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक, किसान सभा के प्रदेश संयोजक भंते जैनेंद्र तथागत, सीटू से प्रतीक मिश्रा समेत विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: PM मोदी से राघव चड्ढा की मुलाकात, पंजाब चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज

श्रम कानून से लेकर JPSC-JSSC तक के मुद्दे शामिल
आंदोलनकारी संगठनों ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ कई मांगें रखी हैं. इनमें चारों श्रम कानूनों को वापस लेने, असंगठित मजदूरों के लिए 26 हजार रुपये न्यूनतम मजदूरी, काम का समय 12 घंटे से घटाकर 8 घंटे करने और भूमि बैंक को खत्म करने की मांग प्रमुख है. इसके अलावा किसानों के लिए MSP की कानूनी गारंटी, किसानों, महिलाओं और छात्रों का कर्ज माफ करने, विस्थापन और पुनर्वास के लिए ठोस नीति बनाने की मांग भी की गई है. मनरेगा के तहत 250 दिन रोजगार और 700 रुपये दैनिक मजदूरी की गारंटी देने की मांग भी आंदोलन में शामिल की गई है. वहीं झारखंड से जुड़े मुद्दों में JPSC परीक्षा रद्द करने और JSSC पेपर लीक मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग उठाई गई है.

आंदोलन में पूरी ताकत से उतरेंगे
प्रेस वार्ता में भाकपा प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक ने कहा कि पार्टी किसान-मजदूरों के इस आंदोलन का पूरी तरह समर्थन करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता भी सड़क पर उतरकर कार्यक्रम में भाग लेंगे. किसान सभा के प्रदेश संयोजक भंते जैनेंद्र तथागत ने केंद्र सरकार पर किसानों, मजदूरों, युवाओं और महिलाओं के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया. उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा. वहीं सीटू की ओर से भी कार्यकर्ताओं और आम लोगों से 10 अगस्त के आंदोलन में शामिल होने की अपील की गई. संगठनों ने कहा कि उनकी कोशिश है कि रांची के साथ-साथ राज्य के अन्य हिस्सों में भी आंदोलन को प्रभावी बनाया जाए.

