Sraikela: उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां के निर्देशानुसार आज उच्च विद्यालय, हुड़ंगदा, खरसावां का निरीक्षण जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा के द्वारा किया गया. निरीक्षण के क्रम में विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्था, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, पठन-पाठन की स्थिति, विद्यालय की साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विद्यालय निरीक्षक एवं प्रधानाचार्य को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी ने मतदाता जागरूकता एवं 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया को लेकर भी विशेष निर्देश दिए. उन्होंने जिले के सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया कि विद्यालय में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं की सूची तैयार कर जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराएं. साथ ही, ऐसे छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी देते हुए उन्हें फॉर्म-6 भरने के लिए प्रेरित एवं जागरूक करें. उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करना प्रत्येक युवा के लिए मतदाता के रूप में अपने अधिकार एवं जिम्मेदारी की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव है. ऐसे सभी पात्र छात्र-छात्राएं, जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें नाम जोड़ने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाए तथा फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित किया जाए.

विशेष अभियान
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में 08 एवं 09 अगस्त 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. उन्होंने सभी पात्र युवाओं से अपील की कि वे इन विशेष शिविरों का लाभ उठाते हुए अपना फॉर्म-6 भरकर संबंधित बीएलओ (BLO) के पास जमा करें तथा मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं. उन्होंने विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों से भी कहा कि वे अपने-अपने विद्यालयों में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी दें और उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता के लिए जागरूक एवं प्रेरित करें.


