Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन और तेज हो गया है. जयपाल सिंह स्टेडियम में चल रहे छात्र आंदोलन और उनकी मांगों को अपना समर्थन देते हुए झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के सुप्रीमो और डुमरी विधायक जयराम महतो रविवार को रांची स्थित पुराने विधानसभा परिसर में एक दिवसीय निर्जला उपवास पर बैठ गए हैं. उपवास के दौरान जयराम महतो ने राज्य सरकार से छात्रों की न्यायसंगत मांगों पर त्वरित और सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि राज्य के युवा और छात्र लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनके भविष्य को लेकर बेपरवाह बनी हुई है. सरकार को बिना किसी देरी के छात्रों के प्रतिनिधियों से वार्ता कर इन समस्याओं का शीघ्र और स्थायी समाधान निकालना चाहिए.

10 अगस्त को विधानसभा मार्च में खुद होंगे शामिल:
जयराम महतो ने बड़ा ऐलान करते हुए स्पष्ट किया कि 10 अगस्त को छात्रों द्वारा आयोजित प्रस्तावित ‘विधानसभा मार्च’ में वे खुद व्यक्तिगत रूप से शामिल होंगे। इसके साथ ही उनकी पार्टी ने भी इस विधानसभा मार्च को पूर्ण समर्थन देने की आधिकारिक घोषणा की है. विधायक जयराम महतो के इस निर्जला उपवास और विधानसभा मार्च में सीधे शामिल होने के फैसले से आंदोलनरत छात्रों में नया उत्साह देखने को मिल रहा है. कयास लगाए जा रहे हैं कि जेएलकेएम के इस सीधे जुड़ाव से 10 अगस्त को होने वाला विधानसभा घेराव और अधिक व्यापक और असरदार हो सकता है.


