Chaibasa: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आदिवासी प्रगति क्लब की ओर से राजनगर प्रखंड के रिचीतुका गांव में एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी शामिल हुईं. प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला एके हार्डगर और एपीसी रिचीतुका के बीच खेला गया. सांसद जोबा माझी ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और फुटबॉल को किक मारकर फाइनल मैच का उद्घाटन किया.
निर्धारित समय में नहीं हुआ गोल

फाइनल मुकाबले में निर्धारित समय तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं. इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया, लेकिन इसके बावजूद मुकाबला बराबरी पर रहा. अंततः रेफरी ने टॉस कराया, जिसमें मेजबान एपीसी रिचीतुका की टीम विजेता घोषित की गई.

खेल युवाओं में अनुशासन और टीम भावना विकसित करता है: जोबा माझी

पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व की सीख देता है. ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन युवाओं की प्रतिभा को सामने लाने का बेहतर माध्यम है.
उन्होंने कहा कि फुटबॉल क्षेत्र के युवाओं की प्रतिभा और जुनून से जुड़ा खेल है. जरूरत है कि गांव स्तर पर खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहन और बेहतर मंच मिले, ताकि वे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें.
सांसद ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और नियमित अभ्यास करने की अपील की. उन्होंने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन मेहनत, अनुशासन और संघर्ष ही खिलाड़ी को आगे ले जाता है. उन्होंने आयोजन समिति को प्रतियोगिता के आयोजन के लिए बधाई दी और क्षेत्र के युवाओं को खेल के क्षेत्र में हरसंभव प्रोत्साहन देने की बात कही.
दोनों टीमों को मिला पुरस्कार
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों के हाथों विजेता और उपविजेता दोनों टीमों को नगद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी और खस्सी प्रदान की गई. इस अवसर पर झामुमो के वरिष्ठ नेता केपी सोरेन, भुगलु सोरेन, कृष्णा बास्के, रामजीत हांसदा, रामसिंह हेम्ब्रम, भूकतु मार्डी समेत बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे.
ALSO READ: हजारीबाग में आदिवासी महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन, प्रतिभाओं और कलाकारों का हुआ सम्मान

