Newswave Desk: SBI ने क्लर्क भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती के जरिए जूनियर एसोसिएट के 1,538 पद भरे जाएंगे. खास बात यह है कि ये भर्ती SC, ST और OBC वर्ग की बैकलॉग रिक्तियों को भरने के लिए निकाली गई है. योग्य उम्मीदवार 7 अगस्त से 27 अगस्त 2026 तक SBI की ऑफिशियल वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. उम्मीदवार इस भर्ती में केवल एक राज्य या केंद्र शासित प्रदेश की रिक्तियों के लिए आवेदन कर सकेंगे.
1,538 पदों पर होगी भर्ती
कुल 1,538 पदों में 207 पद SC, 1,219 पद ST और 112 पद OBC वर्ग के लिए हैं. जनरल कैटेगरी के उम्मीदवार इस भर्ती के लिए आवेदन नहीं कर सकते. राज्यवार देखें तो गुजरात में सबसे ज्यादा 289 पद हैं. इसके बाद महाराष्ट्र में 165, मध्य प्रदेश में 134, झारखंड में 133, कर्नाटक में 120, ओडिशा में 111 और राजस्थान में 106 पद हैं. वहीं आंध्र प्रदेश में 88, तमिलनाडु में 65, पश्चिम बंगाल में 55, जम्मू-कश्मीर में 42 और असम में 39 पद हैं.
ग्रेजुएशन जरूरी, उम्र 20 से 28 साल
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री होना जरूरी है. अंतिम वर्ष के छात्र भी आवेदन कर सकते हैं, लेकिन उन्हें 31 दिसंबर 2026 तक ग्रेजुएशन पूरा होने का प्रमाण देना होगा. उम्र की गणना 1 अप्रैल 2026 के आधार पर होगी. उम्मीदवार की उम्र 20 से 28 साल के बीच होनी चाहिए. आरक्षित वर्गों को SBI के नियमों के अनुसार अधिकतम उम्र में छूट मिलेगी.
प्रीलिम्स, मेन्स और भाषा परीक्षा से होगा चयन
SBI क्लर्क भर्ती में उम्मीदवारों का चयन प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और जरूरत पड़ने पर लोकल लैंग्वेज प्रोफिशिएंसी टेस्ट के जरिए होगा. प्रारंभिक परीक्षा सितंबर 2026 में और मुख्य परीक्षा अक्टूबर या नवंबर 2026 में होने की संभावना है. प्रीलिम्स में 100 अंकों के ऑब्जेक्टिव सवाल होंगे और परीक्षा का समय 1 घंटे होगा. गलत जवाब देने पर निर्धारित अंकों का एक चौथाई हिस्सा काटा जाएगा. प्रीलिम्स में अलग-अलग सेक्शन के लिए न्यूनतम क्वालीफाइंग अंक तय नहीं किए गए हैं.
ऐसे करें आवेदन
आवेदन के लिए उम्मीदवार SBI की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएं और Current Openings सेक्शन में संबंधित भर्ती का लिंक खोलें. इसके बाद रजिस्ट्रेशन करके लॉगिन करें. आवेदन फॉर्म में अपनी शैक्षणिक और व्यक्तिगत जानकारी भरें, जरूरी डॉक्यूमेंट अपलोड करें और निर्धारित फीस जमा करके फॉर्म सबमिट कर दें. आवेदन की आखिरी तारीख 27 अगस्त 2026 है.

